नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि वजीराबाद रोड पर सूर घाट के पास एक नाले के पुल पर यमुना नदी में उफान के चलते जलभराव हो गया है, जिसके चलते पुराने वजीराबाद पुल पर वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है. वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक रूट्स सुझाएं है.
वैकल्पिक रूट्स का करें इस्तेमाल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया हैं कि सभी वाहनों को वजीराबाद पुल के नीचे सूर घाट से डायवर्ट किया जायेगा. मुकरबा चौक से सोनिया विहार और खजूरी चौक की ओर आने वाले वाहनों को अब मुकरबा चौक, आउटर रिंग रोड, वजीराबाद फ्लाईओवर, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद रोड होते हुए खजूरी चौक की ओर जाना होगा.
ट्रैफिक एडवाइजरी में आगे बताया गया है कि ISBT से सोनिया विहार और खजूरी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को खजूरी चौक पहुँचने से पहले चंदगी राम अखाड़ा, वज़ीराबाद फ्लाईओवर के नीचे स्लिप रोड, सिग्नेचर ब्रिज और वज़ीराबाद रोड होते हुए डायवर्ट किया जायेगा.
धैर्य बनाए रखने की अपील
चौधरी फ़तेह सिंह मार्ग (तिमारपुर रोड भी कहा जाता है) से सोनिया विहार और खजूरी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को चौधरी फ़तेह सिंह मार्ग, सिग्नेचर ब्रिज और वज़ीराबाद रोड की ओर लूप होते हुए खजूरी चौक पहुँचने के लिए रूट किया जायेगा. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखते हुए सुझाएं गए वैकल्पिक रूट्स से अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने की अपील की है.
