नई दिल्ली | रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. आगामी गर्मी सीजन में यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए नॉर्थ सेंट्रल रेलवे ने नई दिल्ली से कोसी कलां तक संचालित होने वाली EMU ट्रेन का धौलपुर तक विस्तार कर दिया है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) के इस फैसले से यात्रियों के लिए नाममात्र खर्चे पर धौलपुर की यात्रा करनी आसान हो जाएगी.

इस संबंध में आगरा डिवीजन की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है और साथ ही इसकी जानकारी फरीदाबाद, पलवल और दिल्ली के स्टेशनों पर दे दी गई है. फिलहाल इस ट्रेन के विस्तार को तीन महीने के लिए ट्रायल तौर पर संचालित किया जाएगा.
30 जून तक रहेगा ट्रायल
यह EMU ट्रेन पहले नई दिल्ली से सुबह सवा 4 बजे रवाना होकर कोसी कलां तक संचालित होती थी और बीच रास्ते फरीदाबाद और पलवल के सभी स्टेशनों पर ठहराव करती थी. कोसी कलां में यह ट्रेन कई घंटों तक खड़ी रहती थी. ऐसे में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस ट्रेन का धौलपुर तक विस्तार करने का फैसला लिया गया है. 1 अप्रैल से जून हुईं यह सेवा 30 जून तक ट्रायल पर रहेगी. बता दें कि इस ट्रेन का किराया अन्य ट्रेनों की तुलना में बेहद कम है. इस ट्रेन के विस्तार से यात्री बेहद कम किराए पर धौलपुर का सफर तय कर सकेंगे.
यात्रियों को मिलेगी राहत
कोरोना काल से पहले दिल्ली से वाया फरीदाबाद व पलवल होकर पैसेंजर ट्रेनें संचालित होती थी जिसमें नाममात्र किराए पर सफर की सुविधा उपलब्ध थी. कोरोना काल के दौरान इन ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी गई थी जिससे यात्रियों के लिए आगरा का सफर मुश्किल हो गया था. यात्रियों को निजी वाहनों से इस सफर को पूरा करना पड़ रहा था जिसमें समय और पैसा दोनों ही ज्यादा लगते थे लेकिन अब इस EMU ट्रेन के विस्तार से यात्रियों को बड़े स्तर पर राहत मिलेगी. वहीं, दिल्ली और एनसीआर से आगरा में ताजमहल के दीदार के लिए आने वाले पर्यटकों को भी इस ट्रेन के विस्तार का सीधा फायदा होगा.