नई दिल्ली | देशभर में भीषण गर्मी के प्रकोप और लू की स्थिति के बीच एयर कंडीशनर (AC) के इस्तेमाल को लेकर केंद्र सरकार नया नियम लागू करने की योजना बना रही है. केंदीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि अब AC का टेम्परेचर मानकीकृत किया जाएगा. उर्जा संरक्षण, बिजली खपत में कमी और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है.
AC में रखना होगा इतना तापमान
केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सरकार एक नई व्यवस्था लागू करने जा रही है, जिसके तहत देशभर में सभी एयर कंडीशनर्स (AC) के तापमान को 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे और 28 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं ले जाया जा सकेगा. यह व्यवस्था ठंडा और गर्म करने, दोनों स्थितियों में लागू होगी.
उन्होंने कहा कि एसी के टेम्परेचर को मानकीकृत करने का प्रावधान किया जा रहा है. बहुत जल्द इसे लागू किया जाएगा. अब एसी का तापमान ठंडक के लिए 20 डिग्री से कम और गर्मी के लिए 28 डिग्री से ज्यादा नहीं कर सकेंगे. केंद्रीय उर्जा मंत्री ने कहा कि यह एक तरह का प्रयोग हैं. इसे पहली बार शुरू कर रहे हैं.
मनोहर लाल ने बताया कि बहुत से देश जैसे जापान में 26 डिग्री सेल्सियस मानकीकृत और इटली में 23 डिग्री सेल्सियस मानकीकृत किया हुआ है. जिन देशों को बहुत अग्रणी माना जाता है, वहां से एसी का तापमान स्टैंडर्ड हैं. हमने इसको 20 डिग्री सेल्सियस मानकीकृत किया है और मुझे नहीं लगता कि 20 डिग्री से कम तापमान पर कोई एसी चलाकर सोता होगा.
विकसित भारत की ओर बढ़ाने होंगे कदम
उन्होंने कहा कि साल 2047 तक हमने भारत को एक विकसित देश बनाना है, ताकि हम एक महत्वपूर्ण वैश्विक कद हासिल कर सकें. अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हमें व्यापार, उद्योग, जीवनस्तर और बिजली क्षेत्र को बढ़ावा देने की जरूरत है, जो सभी क्षेत्रों को आगे बढ़ाने में निर्णायक भूमिका अदा करता है.
