नई दिल्ली | अगर आपका खाता भी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO में है, तो आपके लिए अच्छी खबर है. दरअसल, संगठन द्वारा अपने सदस्यों को बैंकिंग के तर्ज पर सुविधाएं मुहैया करवाने की दिशा में एक और पहल की गई है. संगठन द्वारा अब ऑनलाइन क्लेम सेटेलमेंट को आसान बनाने की दिशा में 2 बड़े परिवर्तन किए गए हैं. इन बदलावों के बाद देश भर के करोड़ों सदस्यों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा.
कैंसिल चेक की नहीं होगी जरूरत
अब कोई आवेदक यदि ऑनलाइन निकासी करवाना चाहे, तो उसे रद्द किए गए कैंसिल चेक या सत्यापित बैंक पासबुक की फोटो आदि अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी. दूसरा बदलाव यह है कि अब यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) के साथ बैंक खाते की डिटेल जोड़ने के लिए नियोक्ता की मंजूरी की जरूरत भी नहीं रहेगी. इन शर्तों को ईपीएफओ द्वारा हटाया गया है.
1.7 करोड़ लोग उठा चुके लाभ
28 मई 2024 को टेस्टिंग के तौर पर संगठन द्वारा अब तक 1.7 करोड़ EPFO सदस्यों को इन सुविधाओं का लाभ दिया जा चुका है. बता दें कि UAN के साथ बैंक खाता डिटेल को जोड़ने के लिए नियोक्ता की मंजूरी की जरूरत को संगठन द्वारा इसलिए हटाया गया क्योंकि वर्तमान में हर सदस्य को अपने बैंक खाते को UAN से जोड़ना जरूरी किया हुआ है.
