नई दिल्ली, Delhi Metro | हर रोज लाखों लोग मेट्रो से यात्रा करते हैं. सुबह के समय जब सभी को अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचना होता है, तब सिक्योरिटी चेक की लंबी लाइनें उनके लिए बड़ी परेशानी बन जाती हैं. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को इस भीड़ में खड़े रहकर कठिनाई का सामना करना पड़ता है. गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, लेकिन अब यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है.
यात्रियों को मिलेगी सीधे जांच की सुविधा
दिल्ली मेट्रो द्वारा एक नई सुविधा शुरू की जा रही है, जिसके तहत कुछ खास यात्रियों को अब लंबी लाइनों में खड़े नहीं रहना पड़ेगा. उन्हें सीधे सुरक्षा जांच के लिए भेजा जाएगा. इससे न केवल उनका समय बचेगा, बल्कि वे गर्मी और भीड़ से भी बच सकेंगे. यह कदम विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है. इससे यात्रियों को थकावट और असुविधा से राहत मिलेगी.
गर्भवती महिलाओं को होगा लाभ
यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए कारगर होगी जो भीड़ में खड़े नहीं रह सकते. बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाएं अब सीधे जांच की प्रक्रिया से गुजर सकेंगी. इसके अलावा, दिव्यांग और घायल यात्रियों को भी लाइन में लगने से मुक्ति मिलेगी. ऐसे लोग अब आसानी से और सुविधाजनक ढंग से मेट्रो यात्रा कर पाएंगे.
