नई दिल्ली | वैसे तो मां की महिमा का बखान करने के लिए कोई एक दिन तय कर लेना काफी नहीं होता. ऐसा कोई भी दिन या लम्हा नहीं होता, जब मां की ममता या उसकी महिमा कम हो जाती हो. वैसे तो ममता की मूरत और भगवान के इस रूप को याद करने के लिए कोई एक दिन तय कर पाना बेमानी सा है. फिर भी 11 मई को देशभर में मदर्स डे (Mother’s Day) मनाया जाता है.
मां को दें यह तोहफा
अगर आप अबकी बार आने वाले इस मदर्स डे को खास बनाना चाहते हैं और अपनी मां को कोई खास तोहफा देना चाहते हैं, तो अच्छा रहेगा कि अपनी मां को कोई महंगा तोहफा देने की बजाए उनके साथ कुछ फुर्सत के समय किसी ऐसी जगह पर बिताएं, जो आपको और उन्हें जीवन भर याद रह जाए. गर्मियों का सीजन है और अगर आप अपनी मदर के साथ ऐसी जगह जाएं, जहां पर आपको मानसिक सुकून मिले. साथ ही, अपने मदर के साथ कुछ खास समय बिताने को भी मिले तो क्या ही बात है.
मां को ले जाएं संजय झील
अगर आप इस आईडिया पर काम करने के बारे में सोच चुके हैं तो आपको संजय झील पहुंच जाना चाहिए. राजधानी की सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक यह जगह है. सैलानियों में तो यह झील हमेशा पसंदीदा बनी ही रहती है. पर्यटक यहां आते- जाते रहते हैं. यह एक प्राकृतिक स्थल है, जहां लोग अपने भाई- बंधुओं, दोस्तों, परिवारजनों के साथ समय बिताना पसंद करते हैं.
सूर्यास्त के समय तो यहां की सुंदरता और भी देखने लायक बन जाती है. दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा इसे विकसित किया गया है और वही इसका रखरखाव भी करती है. यह झील पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में स्थित है.
नैनी झील के अद्भुत नजारों का उठाएं आनंद
नैनी झील दिल्ली के मॉडल टाउन में स्थित है. यह भी घूमने- फिरने के शौकीन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है. यह चारों तरफ से पेड़- पौधों से घिरी हुई है. पर्यटक और स्थानीय लोग यहां पर घूमने के लिए आते हैं. फोटो शूट कराने के लिए भी यह जगह काफी खास है. यदि आपको शांति पसंद है, तो आप यहां अपने प्रिय जनों के साथ जाकर फुर्सत के दो पल बिता सकते हैं. इतना जरूर है कि अगर आप यहां आकर कुछ टाइम स्पेंड करते हैं, तो यह दिन आपके लिए जरूर यादगार रह जाएगा.
