नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग), डीजी (वंचित वर्ग) और CWSN (विशेष आवश्यकता वाले बच्चे) कैटेगरी के तहत दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक अभिभावक 19 फरवरी 2025 तक आधिकारिक वेबसाइट edudel.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
चयन प्रक्रिया लकी ड्रा के माध्यम से होगी, जिसमें पहला ड्रॉ 3 मार्च 2025 को आयोजित किया जाएगा. ड्रॉ के बाद सीटों का आवंटन किया जाएगा और नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2025 से शुरू होगा.
25% सीटें हैं आरक्षित
शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत यह दाखिला प्रक्रिया निशुल्क होगी, यानी अभिभावकों को किसी प्रकार की फीस नहीं देनी होगी. इस योजना के तहत, निजी स्कूलों की 75% सीटें सभी विद्यार्थियों के लिए खुली होती हैं, जबकि 25% सीटें ईडब्ल्यूएस, डीजी और CWSN कैटेगरी के बच्चों के लिए आरक्षित रखी गई हैं. अभिभावकों को आवेदन करने से पहले दिल्ली ईडब्ल्यूएस प्रवेश अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी जाती है.
यह है पात्रता
ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत, आवेदन करने के लिए अभिभावकों की वार्षिक आय ₹5,00,000 से कम होनी चाहिए. इस प्रक्रिया में निजी स्कूलों के अलावा, एमसीडी (MCD) और एमडीएमसी (MDMC) द्वारा मान्यता प्राप्त प्राइमरी स्कूल भी शामिल हैं, जहां लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से दाखिला दिया जाता है.
आयु सीमा
ईडब्ल्यूएस एडमिशन के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई है. प्री-स्कूल (नर्सरी) में दाखिले के लिए बच्चे की आयु 3 से 5 वर्ष, प्री-प्राइमरी (केजी) के लिए 4 से 6 वर्ष और कक्षा 1 में दाखिले के लिए 5 से 7 वर्ष होनी चाहिए. यह आयु सीमा 31 मार्च 2022 तक मान्य होगी. वहीं, विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए आयु सीमा में कुछ रियायत दी गई है. नर्सरी में दाखिले के लिए 3 से 7 वर्ष, केजी के लिए 4 से 8 वर्ष और कक्षा 1 में दाखिले के लिए 5 से 9 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- आधिकारिक वेबसाइट edudel.nic.in पर जाएं.
- “ईडब्ल्यूएस/ डीजी फ्रीशिप एडमिशन” के विकल्प पर क्लिक करें.
- आवेदन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरें.
- मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें.
- आवेदन को फाइनल सबमिट करें.
- आवेदन का प्रिंट आउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रखें.
