नई दिल्ली | उत्तर भारत के कई राज्यों में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य स्थानों की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों के लिए सुरक्षा के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं का इंतजाम किया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली की नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार ने भी कांवड़ियों के लिए खास तैयारियां की है. सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि हमारी सरकार ने इस बार कांवड़ियों के लिए बिल्कुल अलग और खास तरह की व्यवस्था की है.
कांवड़ियों को दिए जाएंगे खास तोहफे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरदार द्वारा 374 कांवड़िया समितियों को आर्थिक मदद दी गई है. हर कैंप में बिजली, स्वास्थ्य और साफ-सफाई से जुड़ी हरेक सुविधा उपलब्ध कराई गई है. सीमाओं पर कांवड़ियों के लिए स्वागत द्वार बनाए गए हैं. पूरी दिल्ली में कांवड़ियों के लिए सुरक्षा के साथ-साथ तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है.
सीएम गुप्ता ने ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली की बीजेपी सरकार द्वारा 5 लाख कांवड़ियों को खास तोहफे दिए जाएंगे. हमारे मंत्री, विधायक और खुद मैं, एक-एक कैंप में जाकर समितियों से बात कर रहे हैं ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े. हमने कांवड़ियों को गंगाजल की डोलची और जूट के बैग देने का फैसला लिया है ताकि पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में कांवड़ियों के समूह को जोड़ा जा सकें.
सभी सुविधाओं का रखेंगे ख्याल
उन्होंने बताया कि सोमवार यानि आज से ही कांवड़ियों को डोलची और जूट बैग देने शुरू कर दिए जाएंगे. इसके अलावा हमारे पास कांवड़ समितियों को दी जाने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी के सुझाव आए हैं तो इसे भी हम बढ़ाने वाले हैं. दिल्ली की बीजेपी सरकार स्पष्ट कर चुकी हैं कि राष्ट्रीय राजधानी आने वाले शिवभक्तों की सभी सुविधाओं का ख्याल रखा जाएगा. हम उनकी सभी सुविधाओं का पारदर्शी तरीके से ध्यान रखेंगे.
