नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में प्रदुषण से हालात फिर बिगड़ने लगे हैं जिसकी रोकथाम के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) 2, 3 और चार के प्रावधानों को संशोधित किया है. इसके तहत, GRAP- 3 के कुछ प्रावधानों को GRAP- 2 शामिल कर उसे सख्त बनाया गया है.
पहले यह प्रावधान GRAP- 3 में शामिल था, लेकिन अब CAQM ने इसे GRAP- 2 में शामिल कर दिया है. मौजूदा समय में दिल्ली- एनसीआर में GRAP- 2 के प्रावधान लागू हैं. इसलिए GRAP- 2 में शामिल नए प्रावधान भी तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं.
GRAP-2 के नए निर्देश
GRAP- 2 के तहत, चिन्हित सड़कों की प्रतिदिन मशीन से सफाई और पानी का छिड़काव करना होगा. इसके लिए मशीनों की कार्य अवधि बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. सभी हाट स्पाट व वाहनों के अधिक दबाव वाले सड़कों पर धूल की रोकथाम लिए पानी में रसायन मिलाकर प्रतिदिन छिड़काव करना होगा.
इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराने के निर्देश
सार्वजनिक परिवहन की मजबूती के लिए CNG व इलेक्ट्रिक बसें और मेट्रो के फेरे बढ़ाने के साथ- साथ सुबह- शाम व्यस्त और गैर व्यस्त समय के लिए अलग- अलग किराए का प्रावधान करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही, CAQM ने सभी आरडब्ल्यूए को सुरक्षा कर्मचारियों के अलावा सफाई, बागवानी के कर्मचारियों को भी ठंड से बचाव के लिए इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है ताकि कर्मचारी ठंड से बचाव के लिए लकड़ी, उपले या कूड़ा न जलाएं.
नए प्रतिबंध लागू
- GRAP- 3 में दिव्यांग लोगों को दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर जिले में व्यक्तिगत जरूरत के लिए BS- 3 पेट्रोल इंजन और BS- 4 डीजल इंजन के हल्के वाहन (कार) का इस्तेमाल की छूट रहेगी.
- दिल्ली में माल ढुलाई के लिए BS- 4 के डीजल इंजन वाले मीडियम गूड्स व्हीकल पर प्रतिबंध रहेगा. इस प्रतिबंध से सिर्फ आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट रहेगी.
- दिल्ली से बाहर पंजीकृत BS- 4 और उससे कम मानक के डीजल इंजन वाहनों को GRAP- 3 के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश वर्जित रहेगा. पहले ये प्रावधान चौथे चरण में शामिल थे.
- GRAP- 3 में दिल्ली- एनसीआर के स्कूल पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में करा सकते हैं. अभिभावक अपनी सुविधानुसार आनलाइन या आफलाइन क्लास का विकल्प चयन कर सकते हैं.
- GRAP- 4 में स्कूल छठवीं से नौवीं व 11वीं की कक्षा भी हाइब्रिड मोड में चला सकते हैं. GRAP- 3 में दिल्ली सरकार और एनसीआर से संबंधित राज्य सरकारें सरकारी विभागों व सिविक एजेंसियों के कार्यालय के समय में बदलाव कर सकती हैं.
- इसके तहत, BS- 6 डीजल इंजन, इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों को छोड़कर एनसीआर के रास्ते दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले अन्य डीजल इंजन बसों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.
