खुशखबरी: दिल्ली को जल्द मिलेगी 6 नए बाईपास मार्गों की सौगात, शहर से छू- मंतर हो जाएगा ट्रैफिक जाम

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों से ट्रैफिक जाम के झंझट को जड़ से खत्म करने के लिए दिल्ली की नवनिर्वाचित BJP सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से 6 प्रमुख सड़क परियोजनाओं को धरातल पर अमलीजामा पहनाने का काम करेगी. इसका उद्देश्य दिल्ली- NCR के बीच ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाना और शहर के भीतर एंट्री करने वाले बाहरी वाहनों को डायवर्ट कर लोगों के सफर को आसान करना है.

Highway Road 3

इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) करेगा, जबकि दिल्ली सरकार भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय मंजूरी, ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य प्रशासनिक मामलों में सहयोग देगी. ये परियोजनाएं 128 किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेगी. केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और सीएम रेखा गुप्ता की निगरानी में इन परियोजनाओं पर काम होगा. इस सड़क परियोजनाओं की बदौलत लंबी दूरी के वाहनों को बाईपास रूट मिलेंगे. इनका फायदा सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे शहरों की जनता को भी मिलेगा.

NH- 344M से ट्रॉनिका सिटी तक लिंक रोड

दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे को गाजियाबाद और फरीदाबाद के रास्ते नोएडा से जोड़ने के लिए NH- 344M से ट्रॉनिका सिटी तक 17 किलोमीटर लंबे लिंक रोड का निर्माण किया जाएगा. सिक्स लेन का यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे राजस्थान और हरियाणा से देहरादून जाने वाले वाहनों के लिए सीधी पहुंच का विकल्प प्रदान करेगा. इससे उत्तर- पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद की डगर भी आसान हो जाएगी.

अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER- 2) का विस्तार

गाजियाबाद और फरीदाबाद होते हुए नोएडा तक UER- 2 के तहत 65 किलोमीटर दूरी तक का विस्तार किया जाएगा. दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए इसे दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा. यह विस्तार दिल्ली के दक्षिण- पूर्वी और पूर्वी हिस्सों से आने वाले वाहनों के लिए एक बाइपास के रूप में काम करेगा. इससे आउटर रिंग रोड और सराय काले खां जैसे ट्रैफिक जाम वाले क्षेत्रों से वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर नया नियम, अचानक लेन बदलते ही कटेगा चालान

कालिंदी कुंज इंटरचेंज का निर्माण

ओखला बैराज के पास दिल्ली- नोएडा और आगरा नहर रोड के जंक्शन पर कालिंदी कुंज इंटरचेंज बनाया जाएगा. इससे नोएडा और फरीदाबाद से दिल्ली आवाजाही करने वालों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी. लोगों को कालिंदी कुंज के भीषण ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी.

AIIMS से फरीदाबाद रोड तक एलिवेटेड कॉरिडोर

एम्स से महिपालपुर बाइपास होते हुए फरीदाबाद रोड तक 20 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है. कॉरिडोर एम्स से शुरू होकर रिंग रोड के रास्ते वसंत कुंज में नेल्सन मंडेला मार्ग से जुड़ेगा और फिर गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड तक जाएगा. दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक दबाव कम करने में यह कॉरिडोर महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा.

दिल्ली- अमृतसर- कटरा एक्सप्रेसवे का विस्तार

UER- 2, KMP एक्सप्रेसवे और दिल्ली- अमृतसर- कटरा एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए 20 किलोमीटर लंबा नया लिंक एक्सप्रेसवे बनेगा. इस सड़क मार्ग की बदौलत दिल्ली से हरियाणा के बीच ट्रैफिक संचालन बेहतर होगा. साथ ही, जम्मू- कश्मीर, पंजाब, हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों की IGI एयरपोर्ट और गुरुग्राम तक तेज और आसान पहुंच बनेगी.

महिपालपुर से नेल्सन मंडेला मार्ग तक टनल

महिपालपुर से नेल्सन मंडेला मार्ग तक 5 किलोमीटर लंबी सुरंग रोड द्वारका एक्सप्रेसवे को सीधे दक्षिणी दिल्ली से जोड़ेगी. इससे धौला कुआं और राव तुला राम मार्ग पर ट्रैफिक दबाव घटेगा. इस सुरंग मार्ग की बदौलत न केवल कई सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी बल्कि कुछ सड़कें सिग्नल फ्री भी बन जाएंगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.