सावन में रेलवे का बड़ा तोहफा, अब ट्रेन में मिलेगी शुद्ध सात्विक और व्रत वाली थाली

नई दिल्ली | सावन के पावन महीने में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले करोड़ों शिवभक्तों और कांवड़ियों के लिए भारतीय रेलवे ने खास सुविधा शुरू की है. अब ट्रेन से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सात्विक भोजन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) सावन के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बिना लहसुन- प्याज का शुद्ध सात्विक भोजन और व्रत रखने वाले यात्रियों के लिए विशेष व्रत थाली उपलब्ध कराएगा. यह सुविधा राष्ट्रीय स्तर पर लागू की जा रही है. सावन में 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा.

Khana Food Thali Canteen

गुजरात के सोमनाथ, आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम, मध्य प्रदेश के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर, उत्तराखंड के केदारनाथ, महाराष्ट्र के भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर, झारखंड के वैद्यनाथ धाम, उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ और तमिलनाडु के रामेश्वरम जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध रहेगी.

मिलेगा सात्विक भोजन

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार सावन के दौरान श्रद्धालु लहसुन और प्याज का सेवन नहीं करते. उनकी धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए रेलवे स्टेशनों के फूड प्लाजा और ट्रेनों की पेंट्री कार में विशेष रूप से बिना लहसुन-प्याज का भोजन तैयार किया जाएगा. सावन के सोमवार का व्रत रखने वाले या पूरे महीने उपवास करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्रत थाली भी उपलब्ध होगी. इसमें साबूदाना खिचड़ी, सेंधा नमक से बने व्यंजन, कुट्टू के आटे की पूरियां, दही और ताजे फल शामिल किए जाएंगे.

यह भी पढ़े -  दिल्ली से आगरा सिर्फ 58 मिनट दूर, प्रस्तावित बुलेट ट्रेन से जुड़ेंगे यूपी- बिहार के बड़े शहर

लगेंगे सात्विक फूड स्टॉल

प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गया और भागलपुर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर, जहां सावन के दौरान कांवड़ियों की आवाजाही अधिक रहती है, विशेष सात्विक फूड स्टॉल लगाए जाएंगे. इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आसानी से शुद्ध भोजन मिल सकेगा. यात्री आईआरसीटीसी की ई-कैटरिंग सेवा या मोबाइल ऐप के माध्यम से सात्विक भोजन ऑनलाइन बुक कर सकेंगे. ऑर्डर करने के बाद भोजन स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए सीधे यात्री की सीट तक पहुंचाया जाएगा.

सावन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे विशेष ट्रेनों के संचालन की भी तैयारी कर रहा है. इससे बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं का सफर पहले से अधिक सुविधाजनक और आसान होगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.