नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि दिल्ली के कालिंदी कुंज से नोएडा और बदरपुर की ओर जाने वालों के लिए 23 जुलाई तक कालिंदी कुंज और आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन पर पूर्णतः रोक रहेगी. कांवड़ियों के लिए सुचारू संचालन और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
इन सड़कों पर बंद रहेगा ट्रैफिक
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आगे बताया है कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में कांवड़िए नोएडा, कालिंदी कुंज और आगरा कैनाल रोड होते हुए फरीदाबाद, गुरुग्राम और राजस्थान की ओर निकलेंगे. ऐसे में आगरा कैनाल रोड (कालिंदी कुंज से बदरपुर की ओर) का आधा मार्ग बंद रहेगा और कालिंदी कुंज से नोएडा रोड का आधा मार्ग भी नियमित यातायात के लिए बंद रहेगा. कांवड़ यात्रा के दौरान इन सड़कों पर भारी भीड़- भाड़ रहने का अनुमान जताया गया है.
Traffic Advisory
Shiv Kanwar Yatra | 13.07.2025 to 23.07.2025
Traffic restrictions on Kalindi Kunj & Agra Canal Road due to Kanwar Yatra. Half carriageways towards Noida & Badarpur to remain closed.
Heavy traffic expected. Use alternate routes via DND & Ashram.
Avoid the… pic.twitter.com/lz6Nbg7R9f— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) July 14, 2025
वैकल्पिक रूट्स का करें इस्तेमाल
देरी से बचने हेतु ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों को सलाह दी गई है कि वे नोएडा से दिल्ली जाने के लिए कालिंदी कुंज की बजाय DND फ्लाईओवर या आश्रम मार्ग का इस्तेमाल करें. इसले अलावा, आश्रम और DND फ्लाईओवर पर जाने के लिए बदरपुर होते हुए मथुरा रोड का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़े. एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि इस समयावधि के दौरान एंबुलेंस, पुलिस वाहन और अग्निशमन विभाग के वाहनों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की अनुमति रहेगी.
दिल्ली में कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बात करें, तो यहां संवदेनशील इलाकों में 5 हजार से ज्यादा दिल्ली पुलिस के जवान और अर्धसैनिक बलों की लगभग 50 कंपनियों को तैनात किया गया है. 22 जुलाई तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के प्रत्येक रूट्स पर मंदिर और मुख्य रास्तों पर CCTV कैमरों और ड्रोन पेट्रोलिंग से निगरानी रखी जा रही है.
