नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस की जल्द ही तस्वीर बदलने जा रही है. नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) द्वारा कनॉट प्लेस की हालत सुधारने के लिए इसके अंदर मौजूद तीनों प्रमुख सड़कों को फिर से बनाया जाएगा. इसके अलावा, जगह- जगह से टूट चुके फुटपाथ और ग्रेनाइट पत्थरों को भी ठीक किया जाएगा. इस संबंध में टेंडर जारी हो चुका है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा.
दिल्ली की विश्व में पहचान
NDMC के एक अधिकारी ने बताया कि कनॉट प्लेस की पहचान दिल्ली तक ही नहीं, बल्कि देश और विदेशों में भी है. देश- विदेश से दिल्ली आने वाले पर्यटक कनॉट प्लेस घूमने अवश्य आते हैं. जिसके चलते यहां अच्छी- खासी चहल- पहल रहती है. पर्यटकों को यहां की खूबसूरती अपनी ओर आकर्षित करें, इसके लिए इसकी हालत सुधारने का फैसला लिया गया है.
सबसे पहले कनॉट प्लेस में सड़कों की स्थिति को सुधारा जाएगा. इसके बाद, फुटपाथ से लेकर गलियारे में लगे ग्रेनाइट पत्थर और जगह- जगह लगीं बेंच, कूड़ेदानों और पौधों के आस- पास के इलाके को ठीक किया जायेगा. कई जगहों पर ग्रेनाइट पत्थर और फुटपाथ की टाइल्स टूट चुकी है, इन्हें भी बदला जाएगा.
दुकानदारों से भी कराया जाएगा ठीक
उन्होंने बताया कि कनॉट प्लेस में जो दुकानें हैं वह निजी संपत्तियां हैं. इसलिए उनकी मरम्मत को तकनीकी रूप से एनडीएमसी नहीं कर सकती है. इन्हें संपति मालिकों से ठीक कराया जाएगा. NDMC के एक्ट में यह प्रावधान है कि जर्जर और खराब इमारतों को ठीक कराने के लिए संपति मालिकों को नोटिस दे सकती है और उनकी मरम्मत कराने के लिए बाध्य कर सकती हैं.
