नई दिल्ली | भारत के कई राज्य आजकल भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. दिन निकलते ही सूरज देवता आसमान से आग बरसाना शुरू कर देते हैं. मजबूरी वश लोगों को अपने रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकलना ही पड़ता है. दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए, अपने काम के साथ-साथ शरीर का ख्याल रखना भी जरूरी है.
गर्मी के मौसम में शरीर को और ऊर्जावान बनाए रखने और पानी की कमी न होने देने के लिए कई तरीके अपनाने की जरूरत महसूस होती है. विशेषज्ञ भी इसे लेकर खास एडवाइजरी जारी करते रहते हैं.
डिहाइड्रेशन से बचाते एनर्जी ड्रिंक
गर्मियों के मौसम में शरीर में पसीना बाहर निकलता रहता है और शरीर में पानी की कमी महसूस होना शुरू हो जाती है. इस प्रक्रिया को डिहाइड्रेशन कहते हैं. अगर शरीर में पानी की कमी हो जाती है, तो अनेक प्रकार की बीमारियां हो सकती हैं. इससे पीछा छुड़ाने के लिए एनर्जी ड्रिंक की मदद ली जा सकती है. इससे न केवल आपकी प्यास बुझ जाएगी, बल्कि आपका शरीर भी ठंडा रहेगा. आज हम आपको इसी बारे में विस्तार से जानकारी देंगे.
आम पन्ना
गर्मी से पीछा छुड़ाने के लिए आम पन्ना एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. यह गर्मियों के सबसे प्रसिद्ध पेय पदार्थों में से एक माना जाता है. आम के गूदे से इसे बनाया जाता है. इसमें जीरा और पुदीने की पत्तियां मिलाई जाती हैं. यह लू से तो बचाता ही है. साथ ही, आपको तरोताजगी का एहसास भी दिलाता है.
सत्तू का शरबत
सत्तू का शरबत भी गर्मियों में रामबाण साबित हो सकता है. बिहार में तो यह काफी फेमस माना जाता है. इसे सत्तू के आटे, चीनी और पानी से बनाया जाता है. ऐसा माना जाता है कि इसका सेवन करने से शरीर ठंडा रहता है.
छाछ
उत्तरी भारत के कई राज्यों में छाछ को बड़े चाव से इस्तेमाल किया जाता है. यह न केवल शरीर के लिए लाभदायक है, बल्कि गर्मी से पीछा छुड़ाने में भी काफी फायदेमंद है. स्वादिष्ट होने के साथ- साथ यह शरीर के लिए एक एनर्जी बूस्टर की तरह काम करता है. इसके सेवन से पाचन क्रिया भी बेहतर होती है.
नारियल पानी
गर्मियों में अगर आप नारियल पानी पीते हैं तो आपका एनर्जी लेवल अपने आप ही बढ़ जाता है. अगर आपको डिहाइड्रेशन महसूस हो तो नारियल का पानी आपके लिए बेस्ट साबित हो सकता है. यह पाचन को बेहतर बनाने, त्वचा को स्वस्थ रखने, वजन घटाने और एनर्जी लेवल बढ़ाने में मदद करता है.
जौ का पानी
गर्मियों के सीजन में जौ का पानी भी काफी फायदेमंद साबित होता है. इसे बनाने के लिए जौ, पानी, नमक, थोड़ा सा शहद और नींबू की आवश्यकता पड़ती है. इन सबको मिक्स करके आप आसानी से इसे घर भी बना सकते हैं. इससे न केवल इम्युनिटी बढ़ती है. वहीं, त्वचा को बेहतर और पाचन क्रिया को मजबूत बनाने का काम भी होता है. यह शरीर को हाइड्रेट रखता है.
