दिल्ली से नोएडा- गाजियाबाद जाना हुआ आसान, बनकर तैयार हुआ ये फ्लाईओवर

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एनसीआर क्षेत्र के शहरों के बीच ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अप्सरा बार्डर से आनंद विहार के बीच निर्माणाधीन फ्लाईओवर प्रोजेक्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है. पूरी तरह से सिग्नल फ्री यह प्रोजेक्ट बहुत जल्द जनता को समर्पित कर दिया जाएगा. इस फ्लाईओवर के शुरू होने से उत्तरी और पूर्वी दिल्ली से आनंद विहार रेलवे स्टेशन और आनंद विहार बस अड्डे की ओर आवागमन आसान हो जाएगा और लोगों की ट्रेन छूटने से बच सकेगी.

Flyover Highway

ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात

बता दें कि अप्सरा बार्डर से आनंद विहार के बीच तीन लालबत्ती पड़ती थीं, जिन पर भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या रहती थी लेकिन अब यहां डेढ़ किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर तैयार होने से वाहन चालकों को इस समस्या से निजात मिल सकेगी. इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास 11 अक्टूबर, 2022 को हुआ था और इसे 15 महीने में तैयार करने की समय-सीमा निर्धारित की गई थी. जिसके तहत यह प्रोजेक्ट मार्च, 2024 में तैयार हो जाना था.

शुरूआत में इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम आगे बढ़ा था लेकिन प्रोजेक्ट के बीच आए पेड़ों को हटाने के लिए अनुमति मिलने में हुई देरी आदि अड़चनों से काम की रफ्तार मंद होती चली गई. लेकिन अब आनंद विहार रेलवे ओवर ब्रिज से अप्सरा बार्डर तक यानि रोड नंबर-56 पर सिक्स लेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है.

यह भी पढ़े -  दिल्लीवासियों को मिलेगी देश के पहले डबलडेकर स्काईवॉक की सुविधा, स्टेशन से बाहर निकले बगैर बदल सकेंगे मेट्रो

यहां से मिलेगी Entry- Exit की सुविधा

लोक निर्माण विभाग द्वारा सिंगल पिलर पर तैयार किए जा रहे इस फ्लाईओवर पर 257 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च हुई है. विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस फ्लाईओवर के शुरू होने से रोड़ नंबर-56 पर श्रेष्ठ विहार, रामप्रस्थ और विवेक विहार लालबत्ती की बाधा दूर हो जाएगी और रोड़ पूरी तरह से सिग्नल फ्री हो जाएगा. इससे वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा.

इस रोड़ के आसपास बसी कॉलोनियों के लोगों की सहूलियत के लिए फ्लाईओवर पर चढ़ने व उतरने के लिए दो स्थानों पर लूप बनाए गए हैं. वहीं, इस फ्लाईओवर का सबसे ज्यादा लाभ उत्तरी- पूर्वी दिल्ली के लोगों के साथ सीमा से सटे गाजियाबाद के लोगों को मिलेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.