नई दिल्ली | रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो बता दें कि दिसंबर महीने में स्टेशन के आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहेगी क्योंकि इस स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने का काम प्रगति पर है. इसका असर सेंट्रल दिल्ली की सड़कों पर साफ नजर आ रहा है. खासतौर पर पहाड़गंज की ओर ट्रैफिक जाम की स्थिति ज्यादा बनी रहेगी. इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि इस महीने कनॉट प्लेस, पहाड़गंज और रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रैफिक संचालन काफी प्रभावित रहेगा.
देश का सबसे बिजी स्टेशन
भारत के पास सबसे बिजी रेलवे स्टेशनों में शुमार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, जहां से रोजाना सैकड़ों ट्रेनों का संचालन होता है और लाखों यात्रियों की आवाजाही रहती है. पहाड़गंज साईड का गेट नंबर- 1 प्लेटफॉर्म नंबर- 1 पर आने का मुख्य रास्ता है. लेकिन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित के तहत यहां निर्माण कार्य और यूटिलिटी शिफ्टिंग चल रही है. इसके चलते सड़क मार्ग पर जगह कम हो चुकी है जिसके चलते गाडियां रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रही है. इसी वजह से यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है और 31 दिसंबर तक लोगों को इस परेशानी से जूझना होगा.
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि चेल्मसफोर्ड रोड पर बेरिकेट्स लगे हुए हैं, जिससे गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है. यहां सबसे ज्यादा मिंटो रोड, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, भवभूति मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, देशबंधु गुप्ता रोड़ और कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल रोड सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा.
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
एडवाइजरी में कहा है कि स्टेशन जाने वाले यात्री अजमेरी गेट साइड का इस्तेमाल करें. सफर पर निकलने से पहले योजना बनाए, ताकि आखिरी समय पर अनावश्यक भाग- दौड़ से बचा जा सके. साइट पर तैनात पुलिसकर्मियों की बात मानें और टेम्पररी डायवर्सन फ़ॉलो करें. गलत पार्किंग से बचें, वरना और ज्यादा ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ेगा.
