सड़क दुघर्टना में घायल की जान बचाने वालों को मिलेंगे 5000 रुपए, जानिए क्या है सरकार की योजना

नई दिल्ली । सड़क दुघर्टना में घायल हुए व्यक्ति को अब अस्पताल पहुंचाने वाले को सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा. दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल First Aid करके और दुर्घटना के बाद अति शीघ्र समय में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाकर जीवन बचाने वालों को नकद इनाम राशि दी जाएगी. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा इस योजना की शुरुआत की गई है. मुसीबत की घड़ी में मददगार बनने वाले व्यक्ति को इस योजना के तहत एक साल में अधिकतम 5 बार सम्मानित किया जाएगा.

ACCIDENT IMAGE

सड़क परिवहन विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे नेकदिल इंसानों को प्रति घटना की एवज में 5 हजार रुपए इनाम राशि दी जाएगी. पुलिस स्टेशन/अस्पताल से सूचना मिलने पर जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति मासिक आधार पर प्रस्तावों की समीक्षा और अनुमोदन करेगी. उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर मूल्यांकन समिति में संबंधित क्षेत्र के जिला मजिस्ट्रेट, एसपी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आरटीओ (परिवहन विभाग) शामिल होंगें.

राज्यस्तरीय कमेटी करेगी राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नामित

सरकारी प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस योजना के तहत जिला स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय पुरस्कार का भी ऑप्शन रहेगा. प्रमुख गृह सचिव की अध्यक्षता में एक राज्यस्तरीय निगरानी समिति में आयुक्त ( स्वास्थ्य) और एडीजीपी (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) सदस्य तथा परिवहन आयुक्त सदस्य सचिव होंगे. हर साल प्रदेश की राज्यस्तरीय निगरानी समिति राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों के लिए तीन सबसे योग्य प्रस्तावों को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को आगे विचार के लिए नामित करेगी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली जल बोर्ड का बड़ा फैसला, पानी की सप्लाई को लेकर बनेगी नई नीति

उन्होंने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मूल्यांकन समिति राज्य के प्रस्तावों की समीक्षा करेगी और वर्ष के 10 सर्वश्रेष्ठ व्यक्तियाें को दिल्ली में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (एनआरएसएम) के दौरान एक लाख रुपये, प्रमाण पत्र व ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा. प्रवक्ता ने कहा कि सरकार की इस योजना से लोग प्रेरित होंगे और सड़क दुघर्टना के शिकार लोगों की जान बचाने के लिए आगे आएंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.