नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में टमाटर की आसमान छूती कीमतों से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. लगातार भारी बारिश के बीच ऊंचे भाव से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने रियायती दरों पर टमाटर की बिक्री करने का फैसला लिया है. नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (NCCF) के जरिए दिल्ली में टमाटर 47 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की शुरुआत की गई है.
इन जगहों पर मिल रहा सस्ता टमाटर
NCCF द्वारा 4 अगस्त से दिल्ली की आजादपुर मंडी में सस्ती दरों पर टमाटर की बिक्री की शुरुआत की गई है. अब तक 25 हजार किलोग्राम से ज्यादा टमाटर 47- 60 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव स्पष्ट बेचा जा चुका है. सस्ते भाव पर टमाटर बिक्री के लिए NCCF द्वारा नेहरू प्लेस, उद्योग भवन, पटेल चौक और राजीव चौक जैसे स्थानों पर अपने स्थायी आउटलेट्स के साथ- साथ आधा दर्जन से ज्यादा मोबाइल वैन भी तैनात की गई हैं, जो शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को सस्ती कीमत पर टमाटर उपलब्ध करा रही हैं.
बारिश से कीमत में उछाल
उपभोक्ता मंत्रालय ने बताया कि जुलाई के आखिरी सप्ताह से उत्तरी और उत्तर- पश्चिमी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के चलते दिल्ली में टमाटर की आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे कीमतें 85 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थीं. इस महीने की शुरुआत से आजादपुर मंडी में आपूर्ति सामान्य होने से मंडी और खुदरा कीमतों में गिरावट दर्ज हुई है. फिलहाल दिल्ली में टमाटर का औसत खुदरा मूल्य 73 रुपए प्रति किलोग्राम चल रहा है.
प्याज के लिए बंपर स्टॉक
प्याज की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने इस साल 3 लाख टन प्याज का बंपर स्टॉक तैयार किया है. खाद्य मंत्रालय ने बताया कि सितंबर से इस स्टॉक का नियोजित और लक्षित रिलीज शुरू होगा. इस साल खाद्य वस्तुओं की कीमतें स्थिर और नियंत्रित रही हैं. जिसका नतीजा यह रहा है कि जुलाई 2025 में घर पर बने थाली की लागत में 14% की गिरावट दर्ज की गई है, जो खाद्य मुद्रास्फीति में कमी को दर्शाता है.
