नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सड़कों से ट्रैफिक जाम का झंझट खत्म करने के लिए PWD और ट्रैफिक पुलिस ने साथ काम करने की योजना बनाई है. इसके तहत, दिल्ली के 4 सबसे व्यस्त मार्ग रिंग रोड, नजफगढ़ रोड, एमबी रोड और रोहतक रोड पर यू- टर्न बनाकर नाममात्र लागत पर ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाई जाएगी.
लालबत्ती होंगी बंद
ये चारों ही सड़क मार्ग ऐसे हैं, जहां अभी फ्लाईओवर निर्माण नहीं हो सकता है. इन सड़कों का सर्वे करने के बाद लालबत्तियां बंद करने का सुझाव दिया गया है. इन सड़कों पर बहुत ज्यादा संख्या में लालबत्तियां है. रिंग रोड पर ढाई किलोमीटर में 10 जबकि रोहतक रोड पर 13 किलोमीटर में 14 लालबत्तियां है, जिसके चलते यहां से गुजरने वाले लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है. इनकी वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, लोगों का समय बर्बाद होता है और ईंधन की खपत ज्यादा होने से दिल्ली में प्रदुषण बढ़ता है.
ट्रैफिक पुलिस विशेष आयुक्त अजय चौधरी ने 24 अप्रैल को पीडब्ल्यूडी प्रमुख अभियंता नईमुद्दीन को पत्र लिखकर रिपोर्ट के आधार पर महरौली- बदरपुर रोड, रोहतक रोड और नजफगढ़ रोड को यूटर्न योजना के तहत सिग्नल फ्री करने के लिए काम करने के लिए करने की बात कही है.
यू- टर्न योजना लागू करने के निर्देश
ट्रैफिक पुलिस की मध्य रेंज के उपायुक्त ने गत 17 अप्रैल को PWD के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर रिंग रोड के दिल्ली विधानसभा से किंग्सवे कैंप तक की 10 लालबत्तियों को बंद कर यू- टर्न योजना लागू करने के लिए कहा है. पीडब्ल्यूडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभी इस योजना पर अस्थायी रूप से लालबत्तियां बंद की जाएगी और जरूरत के हिसाब से यू- टर्न खोले जाएंगे. लोगों की सहूलियत और ट्रैफिक जाम की स्थिति का आंकलन करने के बाद स्थायी रूप से लालबत्तियां बंद कर दी जाएगी.
सड़क के यह भाग होंगे सिग्नल फ्री
महरौली- गुरुग्राम रोड (एमबी रोड), रोहतक रोड (पीरागढ़ी चौक से टिकरी बार्डर तक) नजफगढ़ रोड (उत्तम नगर चौक से रिंग रोड राजौरी गार्डन तक ) और रिंग रोड के दिल्ली विधानसभा से किंग्सवे कैंप तक एक संयुक्त सर्वेक्षण किया गया है. इन्हीं सड़कों को सिग्नल फ्री करने की योजना बनाई गई है.
