नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि राजघाट से ISBT कश्मीरी गेट तक हनुमान सेतु के दाहिने कैरिजवे पर 23 मई यानि आज से 11 जून मरम्मत और पुनर्वास कार्य होगा, जिसके चलते अगले 20 दिन तक इस सड़क मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा इस काम को किया जाएगा और इससे आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन पर असर पड़ने की संभावना है.
इन इलाकों में प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, जरूरत के आधार पर डायवर्जन पॉइंट में शांति वन चौक, गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास आउटर रिंग रोड पर शांति वन की ओर जाने वाला कट और लाल किले के पीछे मंगी ब्रिज शामिल हैं. एडवाइजरी में बताया गया है कि प्रभावित होने वाले हिस्सों में रिंग रोड (शांति वन से ISBT कश्मीरी गेट तक), आउटर रिंग रोड (गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से ISBT तक), राजा राम कोहली मार्ग, निषाद राज मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, केला घाट रोड और युधिष्ठिर सेतु (जीटी रोड) शामिल हैं.
इस एडवाइजरी में ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा, अक्षरधाम और सराय काले खां से ISBT कश्मीरी गेट, चंदगीराम अखाड़ा या नरेला की ओर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे गीता कॉलोनी रोड- पुष्ता रोड- शास्त्री पार्क- जीटी रोड- ISBT कश्मीरी गेट या गीता कॉलोनी रोड-पुष्ता रोड- शास्त्री पार्क- वजीराबाद रोड- सिग्नेचर ब्रिज के माध्यम से अपनी आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें.
सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह
इसी तरह शास्त्री पार्क, सीलमपुर और शाहदरा से आने वालों को सलाह दी गई है कि वे पुष्ता रोड- शा जीटी रोड- ISBT कश्मीरी गेट मार्ग का या गीता कॉलोनी रोड- पुष्ता रोड- शास्त्री पार्क- वजीराबाद रोड- सिग्नेचर ब्रिज मार्ग चुनें. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को अतिरिक्त परेशानी से बचने हेतु सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
