दिल्ली में 3 दिन तक इन रास्तों पर डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक, परेशानी से बचने के लिए पढ़ें एडवाइजरी

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सफ़र करने वाले लोगों के लिए एक जरूरी सूचना सामने आई है. बता दें कि दिल्ली के राधा स्वामी सत्संग ब्यास समागम द्वारा 26- 28 अक्टूबर तक राधा स्वामी सत्संग परिसर, भाटी माइंस, छतरपुर महरौली में सुबह 4 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा. इस धार्मिक समागम के चलते ट्रैफिक रूट में बदलाव किए गए हैं.

traffic light

इन जगहों पर होगी भीड़

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि धार्मिक समागम के चलते शुक्रवार से तीन दिनों तक दक्षिणी दिल्ली में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है. इस सत्संग में शामिल होने के लिए देश- विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे, जिनमें VIP और उच्च गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में करीब 4 लाख लोगों के शिरकत करने की संभावना जताई गई है.

ट्रैफिक पुलिस ने दी सलाह

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में बताया गया है कि सत्संग परिसर में सभी श्रद्धालुओं और सभी प्रकार के वाहनों के लिए एंट्री भाटी माइंस सड़क मार्ग से रहेगी. ऐसे में सभी को सलाह दी जाती है कि वे सुबह 6 बजे से पहले पहुंच जाएं ताकि रास्ते में भीड़भाड़ से बचा जा सके. आयोजकों ने अलग- अलग श्रेणी के वाहनों और आगंतुकों के लिए अलग- अलग प्रवेश की व्यवस्था की है.

इन बातों का रखें ध्यान

फरीदाबाद और गुरुग्राम से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा से बचने के लिए डेरा बॉर्डर से होते हुए भाटी माइंस परिसर तक पहुंचने की सलाह दी जाती है. आयोजकों द्वारा परिसर के अंदर सभी श्रेणियों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की गई है. एसएसएन मार्ग पर किसी भी वाहन की पार्किंग की अनुमति नहीं दी जाएगी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- हरियाणा के बीच सड़क कनेक्टिविटी होगी और ज्यादा बेहतर, मुनक नहर किनारे बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर

इन रास्तों पर जाने की मनाही

किसी भी यातायात अवरोध से बचने के लिए छतरपुर रोड (एसएसएन मार्ग) गुरुग्राम रोड टी- पॉइंट और सत्संग कॉम्प्लेक्स के बीच भाटी माइंस रोड पर भारी परिवहन वाहनों के चलने पर प्रतिबंध शुक्रवार से रविवार तक सुबह 4 बजे से शाम 6.30 बजे के बीच प्रभावी रहेगा. आम जनता को सुबह 4 बजे से शाम 6.30 बजे के दौरान छतरपुर रोड (एसएसएन मार्ग) से बचने की सलाह दी जाती है.

डेरा मोड़ और मंडी बॉर्डर के माध्यम से फरीदाबाद से प्रवेश करने वाले आपातकालीन वाहनों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए महरौली- गुरुग्राम रोड से जाने की सलाह दी जाती है. इसमें कहा गया है कि लोगों को सड़कों पर भीड़भाड़ से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी जाती है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.