नोएडा में जुड़ेंगे 2 एलिवेटेड रोड, लाखों वाहन चालकों को मिलेगा फायदा; एयरपोर्ट का सफर होगा आसान

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली- एनसीआर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली और हरियाणा से नोएडा स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, आगरा और लखनऊ जाने वाले वाहन सीधे यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकें, इसके लिए 2 एलिवेटेड रोड को एक ट्रैफिक इंटरचेंज से जोड़ा जाएगा.

Elevated Road

इसे ठीक वैसे ही तैयार किया जाएगा, जैसे दिल्ली स्थित एम्स के पास बनाया गया है. जिन 2 एलिवेटेड रोड को जोड़ा जाएगा, उसमें एक चिल्ला एलिवेटेड रोड और दूसरी पुश्ता सेक्टर- 94 से यमुना एक्सप्रेसवे तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड है. चिल्ला एलिवेटेड का निर्माण कार्य पिछले महीने शुरू हो चुका है.

लाखों वाहन चालकों को राहत

सिक्स लेन के करीब 6 किलोमीटर लंबे चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण पर 892 करोड़ रूपए खर्च होंगे. इससे लाखों वाहन चालकों को फायदा पहुंचेगा. यह रोड नोएडा एंट्री गेट पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को समाप्त कर देगा. साथ ही, मयूर विहार से आने वाले वाहन सीधे यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेंगे.

नोएडा एक्सप्रेस-वे के ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए सेक्टर- 94 यमुना पुश्ता रोड से यमुना एक्सप्रेसवे तक एक सिक्स लेन का एलिवेटेड और आठ लेन का ग्राउंड एक्सप्रेसवे बनाया जाना प्रस्तावित है. यह एक्सप्रेसवे जेवर एयरपोर्ट का डायरेक्ट लिंक भी होगा. इन दोनों एलिवेटेड रोड को आपस में कनेक्ट कर दिया जाएगा.

यह भी पढ़े -  BOB Jobs: बैंक ऑफ बड़ोदा में निकली क्लर्क के पदों पर भर्ती, इस प्रकार होगा सिलेक्शन

दिल्ली एम्स की तर्ज पर होगा निर्माण

इसके लिए दिल्ली के एम्स पर बने इंटरचेंज की तर्ज पर महामाया फ्लाईओवर के पास एक इंटरचेंज बनाया जाएगा. इसका डिजाइन कैसा होगा, इसके लिए सलाहकार कंपनी के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. इसके बाद डिजाइन को फाइनल किया जाएगा. इन दोनों एलिवेटेड के आपस में जुड़ने से दिल्ली, नोएडा के लाखों वाहन चालकों को फायदा पहुंचेगा.

नोएडा ऑथोरिटी डीजीएम सिविल विजय कुमार रावल ने बताया कि इन दोनों एलिवेटड के जुड़ने से आगरा, लखनऊ और जेवर एयरपोर्ट आने जाने वाले वाहनों को नोएडा एक्सप्रेस-वे पर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इन रोड पर दिल्ली, हरियाणा व नोएडा से लखनऊ, आगरा व जेवर एयरपोर्ट जाने के लिए सीधा रास्ता मिलेगा. लखनऊ, आगरा और ग्रेटर नोएडा से दिल्ली और हरियाणा जाने वाले वाहन भी सीधे जा सकेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.