हरियाणा से जुड़े हैं सलमान खान के घर फायरिंग मामले के तार, CCTV फुटेज में दिखा विकास उर्फ कालू

नई दिल्ली | मशहूर फिल्म अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित आवास पर फायरिंग मामले का कनेक्शन हरियाणा से जुड़ गया है. फायरिंग करने वाले 2 शूटरों में से एक गुरुग्राम के महावीरपुरां का रहने वाला विशाल उर्फ कालू है. वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग में शामिल गैंगस्टर रोहित गोदारा का करीबी है और उसी के कहने पर उसने 29 फरवरी को रोहतक में क्रिकेट बुकी सचिन की हत्या को अंजाम दिया था. इसी वारदात के बाद विशाल उर्फ कालू अपराध की दुनिया का जाना- माना चेहरा बन गया था.

Salman Khan

घर पर पहुंची पुलिस

सलमान खान के घर पर फायरिंग के बाद गुरुग्राम पुलिस के साथ- साथ दिल्ली पुलिस भी विशाल उर्फ कालू के घर पर जांच के लिए पहुंची. इस वारदात के बाद कालू के घर पर पुलिस को ताला लटका हुआ मिला. पड़ोसियों की माने तो वे अपने रिश्तेदारों के यहां जा चुके हैं. हालांकि, पुलिस ने उसकी मां और बहन से पूछताछ की है.

3 भाइयों में सबसे छोटे विशाल उर्फ कालू पर शुरूआत में बाईक चोरी और फायरिंग जैसे मामले दर्ज हुए थे और जेल जाने पर वह गैंगस्टर रोहित गोदारा के सम्पर्क में आ गया. यही से उसने बड़ी वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया और अपराध की दुनिया में लाइमलाइट में आ गया.

हरियाणा पुलिस की तलाश जारी

गुरुग्राम के रहने वाले बुकी और स्क्रैप कारोबारी सचिन गोदा को 29 फरवरी की रात को रोहतक के लाखनमाजरा में अंधाधुंध गोलियां बरसा कर मौत के घाट उतार दिया गया था. पुलिस ने इस मामले में होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरों से शूटरों की पहचान की थी. वहीं, सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड कर गैंगस्टर रोहित गोदारा ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी. इसमें विशाल उर्फ कालू का नाम सामने आया था. तभी से हरियाणा पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, मौसम विभाग ने लोगों को किया सतर्क

CCTV फुटेज के मिलान से उजागर हुई पहचान

मुंबई स्थित सलमान खान के आवास पर बाइक सवार 2 शूटरों ने फायरिंग की थी. मुंबई पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले तो उसमें 2 शूटर दिखाई दिए. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मुंबई और 29 फरवरी को रोहतक में हुए सचिन गोदा हत्याकांड के बाद जो CCTV फुटेज सामने आया था, उसका मिलान किया तो उसमें एक व्यक्ति का हूबहू चेहरा विशाल उर्फ कालू से मिला है. इसके बाद, पुलिस को पता चला कि कालू लॉरेंस गैंग के रोहित गोदारा के सम्पर्क में था.

वहीं, दूसरी तरफ सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने की जिम्मेदारी भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है. हालांकि, पुलिस की तरफ से अभी तक इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की गई है. लेकिन दोनों ही जगह विशाल उर्फ कालू की भूमिका का पता चलने के बाद पुलिस टीमों ने दबिश देना शुरू कर दिया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.