नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई सरकार का शपथग्रहण समारोह आयोजित हुआ, जिसमें रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिरसा, आशीष सूद सहित 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है. वहीं, मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले रेखा गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं को बड़ी खुशखबरी सुनाई है.
जल्द ही खत्म करेंगे इंतजार: गुप्ता
हर महीने 2,500 रुपये की सहायता को लेकर दिल्ली की महिलाओं का इंतजार खत्म होने को है. महिलाओं के बैंक खातों में होली के त्योहार से पहले सहायता राशि पहुंचेगी. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले ही रेखा गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं को बड़ी खुशखबरी दी है. उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता देने को लेकर तारीख का ऐलान किया है.
इस तारीख तक आएगी पहली किस्त
अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए रेखा गुप्ता ने आश्वासन देते हुए कहा कि दिल्ली की बीजेपी सरकार महिलाओं को हर महीने 2,500 रूपए देने के अपने वादे को पूरा करेगी. उन्होंने बताया कि मासिक सहायता की पहली किस्त 8 मार्च तक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डाल दी जाएगी.
रेखा गुप्ता ने कहा कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है. इसी दिन हमारी सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणा पत्र में महिलाओं को 2,500 रूपए प्रति महीना सहायता राशि देने के वादे को पूरा करेगी. उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जाएगी. महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए कई बड़े कदम उठाए जाएंगे.
