नई दिल्ली | शॉपिंग करना किसे अच्छा नहीं लगता. इस शौक के आगे जेब का वजन कम पड़ जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ हो रहा है, तो आज की खबर आपके लिए जरूरी है. क्योंकि आज हम आपको दिल्ली में स्थित कुछ ऐसे बाजार के बारे में बताएंगे, जहां बेहद कम कीमतों में आप अच्छी- खासी खरीदारी कर सकते हैं, वह भी बिना जेब की टेंशन लिए.
पालिका बाजार
दिल्ली के पालिका बाजार को कौन नहीं जानता. यहां लगभग 390 दुकानें हैं, जहां कपड़ों की एक से बढ़कर एक लेटेस्ट वैरायटी मिल जाती है. इनकी कीमत भी काफी कम होती है. सामान्य बाजारों में जो शर्ट ₹800 में मिलती है, वह यहां ₹200 में भी मिल सकती है. यहां बारगेनिंग की बहुत जरूरत पड़ती है. अगर आप सही से बोल- भाव कर पाते हैं, तो आपको यहां बेस्ट डील मिल सकती है. यह बाजार राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है.
करोल बाग
दिल्ली के जाने- माने शॉपिंग हब में करोल बाग मार्केट का नाम प्रमुखता से लिया जाता है. यहां आपको महंगे ब्रांड्स के डुप्लीकेट लेकिन अच्छे लुक वाले कपड़े मिल जाते हैं. उनकी कीमत भी ज्यादा नहीं होती. जो लड़के ब्रांडेड लुक्स के दीवाने हैं, उनके लिए यह मार्केट किसी स्वर्ग से कम नहीं है. यहां आपको जींस, जैकेट, शर्ट आदि हर प्रकार का कपड़ा मिल जाता है.
गांधीनगर
दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया की सबसे बड़ी होलसेल कपड़ा मार्केट के तौर पर गांधीनगर मार्केट को जाना जाता है. हर उम्र के लोगों के लिए यहां बहुत सस्ते दामों में कपड़े उपलब्ध हैं. यहां डेढ़ सौ रुपए में जींस, ₹50 से ₹100 में टी- शर्ट और हर प्रकार की बेल्ट, टोपी, जैकेट सस्ते दामों पर मिल जाती हैं. यह मार्केट थोक बिक्री के लिए है, लेकिन अगर आप एक या दो पीस भी लेना चाहें तो वह भी उपलब्ध हो सकते हैं. ध्यान रहे कि सोमवार को यह मार्केट बंद रहती है.
