पलवल | हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का आरोप झेल रहे पलवल की हथीन विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल ने लंबे समय बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए खुलासा किया है कि क्यों उन्होंने कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध की जगह निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के पक्ष में मतदान किया था. उन्होंने क्रॉस वोटिंग को लेकर कई राज खोले हैं.
पसंद नहीं था उम्मीदवार
क्रॉस वोटिंग के सवाल पर कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध उन्हें पसंद नहीं थे और ना ही बौद्ध ने उनसे वोट मांगी. उनकी जगह यदि पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान सिंह उम्मीदवार होते तो वह उनके पक्ष में जरूर वोट करते.
पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा से नाराज़गी के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिल्कुल नाराजगी हैं. यदि नाराजगी नहीं होती तो यहां तक बात ही नहीं पहुंचती. मैं तो मार्च 2024 में ही कांग्रेस पार्टी छोड़ रहा था जब बीजेपी छोड़कर आए हिसार से सांसद बृजेन्द्र सिंह कांग्रेस में शामिल हुए थे. तब चौधरी उदयभान सिंह के कहने पर मैंने कांग्रेस पार्टी को नहीं छोड़ा था. 2024 के विधानसभा चुनाव में भुपेंद्र हुड्डा ने मेरी टिकट कटवाने की कोशिश की.
कांग्रेस छोड़ने के दिए स्पष्ट संकेत
क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस अनुशासन समिति द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण के सवाल पर मोहम्मद इसराइल ने कहा कि जब पार्टी मांगेगी, दे दूंगा. अभी मैं अपने लोगों ने सलाह-मशवरा कर रहा हूं. हथीन की जनता के आशीर्वाद से मैं विधायक बना हूं. एक बात स्पष्ट करता हूं कि यदि अगला चुनाव लड़ूंगा तो कांग्रेस की टिकट पर नहीं लडूंगा. मेरा जो करने का मन था, वो मैंने किया. अब पार्टी का जो मन हैं, वो कर सकती हैं. मैंने पहले भी अपने हल्के के लोगों की आवाज उठाई है और आगे भी उठाता रहूंगा. वहीं, बेटे नाजिम चौधरी द्वारा सभी रिश्ते तोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पढ़ा- लिखा बच्चा है, उसने जो भी किया होगा समझदारी से ही किया होगा.
