पंचकूला | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) देश की आर्थिक मजबूती के प्रमुख स्तंभ हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे अहम रहने वाली है. मुख्यमंत्री पंचकूला में आयोजित CA छात्रों के राष्ट्रीय सम्मेलन ‘प्रज्ञान-2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की ओर से पंचकूला में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के लिए 5 एकड़ भूमि की मांग पर सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया.

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. रिकॉर्ड GST कलेक्शन देश की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का संकेत है और इसमें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का महत्वपूर्ण योगदान है.
पंचकूला में CM का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की आर्थिक इमारत का ब्लूप्रिंट आज के युवा CA तैयार करेंगे. सरकार नीतियां बना सकती है लेकिन अर्थव्यवस्था को सही दिशा देने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा तेजी से नए उद्योगों, कारोबार और स्टार्टअप्स का बड़ा केंद्र बन रहा है. CM ने कहा कि किसी भी CA की सबसे बड़ी ताकत उसकी व्यावसायिक नैतिकता और ईमानदारी होती है. उन्होंने कहा कि डिग्री प्राप्त करने के बाद उनके हाथों में देश के भरोसे की जिम्मेदारी होगी.
नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ़ चार्टर्ड अकाउंटेंट स्टूडेंट्स (पंचकूला) pic.twitter.com/dGgurhjAPp
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) July 4, 2026
एक ईमानदार सलाह और सही ऑडिट रिपोर्ट सरकारी राजस्व को मजबूत बनाने में मदद करती है जिसका लाभ देश की सुरक्षा और गरीबों के कल्याण तक पहुंचता है. AI पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नई तकनीक को लेकर लोगों के मन में कई तरह की आशंकाएं हैं लेकिन कोई भी तकनीक इंसान के विवेक, अनुभव का स्थान नहीं ले सकती.
बनेगा ICAI का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
AI डेटा प्रोसेसिंग को आसान बना सकता है लेकिन ईमानदारी, जिम्मेदारी और सही निर्णय लेने की क्षमता केवल इंसान के पास ही होती है. ऐसे में AI से नौकरियां खत्म नहीं होंगी लेकिन हां काम करने का तरीका जरूर बदलेगा. कार्यक्रम में ICAI के बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन CA राजेश शर्मा ने बताया कि ICAI दुनिया की सबसे बड़ी अकाउंटिंग संस्था है. इसके देशभर में 185 शाखाएं, विदेशों में 154 ओवरसीज चैप्टर और 31 प्रतिनिधि कार्यालय हैं. संस्थान से 5.30 लाख सदस्य जुड़े हुए हैं, जबकि 12 लाख से अधिक छात्र विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे हैं. सम्मेलन में ICAI और निकासा के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में CA छात्रों ने भाग लिया.