पंचकूला | हरियाणा के पंचकुला नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर शामलाल बंसल की अध्यक्षता में आज PWD रेस्ट हाउस में निगम की पहली हाउस मीटिंग आयोजित होगी. इस बैठक में शहर के विकास से जुड़े 31 महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा की जाएगी. इन प्रस्तावों की अनुमानित लागत करीब 245 करोड़ रुपये बताई जा रही है. एजेंडों को मंजूरी मिलने के बाद शहर में विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. बैठक में सेक्टरों के विकास के लिए करीब 100 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे जाएंगे.

इस बजट का उपयोग सड़कों के निर्माण और मरम्मत, पार्कों के सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर किया जाएगा. लंबे समय से लंबित कई विकास कार्यों को भी इस मंजूरी के बाद गति मिलने की संभावना है.
स्मार्ट सेक्टर योजना
नगर निगम की ओर से स्मार्ट सेक्टर योजना का प्रस्ताव भी बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल है. इस योजना के तहत, चयनित सेक्टरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. योजना में स्मार्ट पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सुविधाओं का विस्तार और आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा. बैठक में शहर के डंपिंग ग्राउंड के वैज्ञानिक प्रबंधन से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखा जाएगा. कचरा निस्तारण की आधुनिक तकनीकों को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नई कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी.
प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल
वार्ड नंबर- 4 में मॉडल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल किया गया है. प्रस्ताव के अनुसार, पार्क में बच्चों के लिए खेल उपकरण, ओपन जिम, बैठने की बेहतर व्यवस्था और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे. मेयर शामलाल बंसल ने कहा कि नगर निगम की यह पहली हाउस मीटिंग शहर के विकास की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक होगी.