पंचकूला में HPSC अभ्यर्थियों पर आधी रात कार्रवाई, महिला उम्मीदवारों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला सेक्टर- 5 स्थित धरना स्थल पर HPSC अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच देर रात हुई कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने रात के समय बलपूर्वक प्रदर्शन समाप्त कराया और कई महिला अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया. उनका दावा है कि कार्रवाई के दौरान महिलाओं के साथ धक्का- मुक्की की गई, लाठियां चलाई गईं और उनके साथ बदसलूकी भी हुई. प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आमरण अनशन पर बैठे थे.

HPSC

उनका आरोप है कि बिना किसी उकसावे के पुलिस ने धरना स्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की और महिला अभ्यर्थियों को घसीटते हुए हिरासत में लिया. अभ्यर्थियों ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए, ताकि घटना का वीडियो रिकॉर्ड न किया जा सके.

पंचकूला में आधी रात कार्रवाई

अभ्यर्थियों के मुताबिक, पूरी कार्रवाई देर रात की गई, जिससे वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. उनका कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के बावजूद उनके साथ बल प्रयोग किया गया, जो उचित नहीं है. पुलिस कार्रवाई के बाद अभ्यर्थियों ने इसे “लोकतंत्र की हत्या” बताते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपनाया गया. कुछ अभ्यर्थियों ने इसे ओबीसी वर्ग के छात्रों के साथ अन्याय भी बताया.

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद HPSC अभ्यर्थियों ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और आम लोगों से आंदोलन के समर्थन की अपील की है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. बता दें कि HPSC से जुड़े अभ्यर्थी पिछले कुछ समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पंचकूला के सेक्टर-5 में धरना और आमरण अनशन कर रहे हैं. देर रात हुई इस कार्रवाई को लेकर अभ्यर्थियों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, इस मामले में पुलिस और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.