पंचकूला | हरियाणा पुलिस में नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती के नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए उन अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित किया है जो भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण आयु सीमा पार कर चुके थे.
हरियाणा में इन युवाओं को मिलेगी छूट
हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने इस संबंध में एक बड़ा बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि 2024 की रद्द हुई भर्ती के सभी आवेदकों को उम्र में विशेष छूट प्रदान की जाएगी. इस छूट का सबसे अधिक लाभ उन हजारों युवाओं को मिलेगा जिन्होंने विज्ञापन संख्या 14/2024 के तहत आवेदन किया था.
उन्होंने बताया कि जिन बच्चों ने 2024 में रद्द पुलिस भर्ती में आवेदन किया था, उन्हें इस नई भर्ती में उम्र में छूट का विशेष लाभ मिलेगा. नई भर्ती में आवेदन करने वाले युवाओं की उम्र का माप 1 जनवरी 2026 से होगा. लंबाई को लेकर HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि सामान्य वर्ग की महिला अभ्यर्थियों की हाइट 158 सेंटीमीटर रखी गई है. महिला रिजर्व 156 सेंटीमीटर का पैरामीटर रखा है. 11 जनवरी 2026 से हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए 5500 पदों पर आवेदन शुरू होने जा रहे है.
आवेदन शुल्क किया माफ
भर्ती प्रक्रिया को अधिक समावेशी और मानवीय बनाने की दिशा में एक और अभूतपूर्व कदम उठाया गया है. चेयरमैन ने घोषणा करते हुए कहा कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान गर्भवती महिला अभ्यर्थियों को विशेष रियायत दी जाएगी. अब उन्हें स्वास्थ्य जोखिम लेकर दौड़ में भाग लेने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि उनके लिए फिजिकल टेस्ट को स्थगित कर भविष्य में अवसर सुरक्षित रखा जाएगा. आयोग ने इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क को भी पूरी तरह माफ कर दिया है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं पर आर्थिक बोझ न पड़े.
