पंचकूला | हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि विश्व धरोहर में शामिल कालका- शिमला रेल रूट पर लगभग 3 साल के लंबे इंतजार के बाद खुशियों के पल आए हैं. यहां हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट ट्रेन का ट्रायल शुरू हो चुका है और सब कुछ ठीक-ठाक रहा, तो बहुत जल्द पर्यटक इस ट्रेन में सफर का मजा ले सकेंगे.
सफर के आनंद को दोगुना करेगी नई ट्रेन
इस प्रोजेक्ट को एक सदी से भी पुराने इस रेलवे लाइन के इतिहास में सबसे बड़ा माना जा रहा है, जिसपर अब रेल मंत्रालय और पर्यटकों की निगाहें टिकी हुई है. बता दें कि कालका- शिमला रेलवे लाइन को फरवरी 2023 में सेल्फ प्रोपेल्ड हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट ट्रेन के रूप में एक शानदार तोहफा मिला था.
आधुनिक सुविधाओं से लैस
यहां ट्रेन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम लंबे समय से चल रहा था. हाल ही में रेडिएटर कूलर और अन्य तकनीकी कार्यों को पूरा किया गया था, जिसके बाद विभाग द्वारा ट्रायल शुरू किया गया है. यदि ट्रायल सफल रहा, तो हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों के बीच चलने वाली यह आधुनिक ट्रेन पर्यटकों के सफर को और रोमांचित बनाने का काम करेगी.
हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट ट्रेन के मॉडिफिकेशन के बाद दो दिनों तक ट्रायल किया गया है. ट्रेन बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी अब अगला ट्रायल करेंगे. ट्रायल सफल होने पर ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जायेगी- नवीन कुमार, सीनियर डीसीएम, अंबाला मंडल
