पानीपत | हरियाणा के शहर के युवा तैराक लगातार अपनी प्रतिभा के दम पर पानीपत का नाम रोशन कर रहे हैं. इसी कड़ी में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (असंध रोड) निवासी 11 वर्षीय कियांश सेठी ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित स्टेट लेवल स्विमिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता है. 23 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कियांश ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक स्विमिंग स्पर्धा में हिस्सा लिया.

उन्होंने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी तकनीक और रफ्तार का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया. प्रतियोगिता में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से कुल 23 तैराकों ने हिस्सा लिया था.
छठी कक्षा में पढ़ते हैं कियांश
कियांश बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल में छठी कक्षा के छात्र हैं. कम उम्र में ही उन्होंने तैराकी के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है. कियांश पिछले करीब 3 वर्षों से लगातार स्विमिंग का अभ्यास कर रहे हैं. उनके पिता विशाल सेठी प्रॉपर्टी डीलर हैं. दो भाइयों में कियांश बड़े हैं, जबकि उनका छोटा भाई 6 साल का है. कियांश इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. 3 और 4 अगस्त को आयोजित तैराकी प्रतियोगिता में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे. इसके अलावा फेडरेशन की ओर से खेलते हुए भी वह ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं.
मार्गदर्शन में तैयारी
कियांश की सफलता में उनके स्विमिंग कोच प्रदीप सिरोही का भी अहम योगदान है. वह कोच के मार्गदर्शन में नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं. खासतौर पर बैक स्ट्रोक स्विमिंग में अपनी तकनीक को बेहतर बनाने के लिए कियांश लगातार मेहनत कर रहे हैं. कियांश की उपलब्धि से परिवार के साथ स्कूल प्रशासन और कोच भी उत्साहित हैं. पिता विशाल सेठी और कोच प्रदीप ने कहा कि कियांश का लक्ष्य आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करना है. उनका सपना देश और पानीपत का नाम बड़े मंच पर रोशन करना है.