पानीपत | हरियाणा की टेक्सटाइल नगरी पानीपत से एक अच्छी खबर सामने आई है. स्थानीय बीजेपी विधायक प्रमोद विज के विजन को अमलीजामा पहनाते हुए सीएम नायब सैनी ने शहर को 4 बड़ी सामाजिक परियोजनाओं का तोहफा दिया है. इसके तहत अब समाज के हर वर्ग की सुरक्षा और सुविधा के लिए वर्किंग वुमन हॉस्टल, वृद्धाश्रम, अनाथ आश्रम और लेबर हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा. इन सभी प्रोजेक्ट्स का निर्माण ITI कच्चा कैंप के विशाल परिसर में किया जाएगा जिससे शहर के बुनियादी सामाजिक ढांचे को नई मजबूती मिलेगी.

महिलाओं की सुरक्षा होगी मजबूत
औद्योगिक शहर होने के नाते पानीपत की विभिन्न फैक्ट्रियों में बड़ी संख्या में महिलाएं काम करती है. ऐसे में वर्किंग वुमन हॉस्टल विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा जो देर रात तक फैक्ट्रियों या कार्यालयों में काम करती है. इससे उन्हें न केवल सुरक्षित वातावरण प्रदान होगा बल्कि रहने के लिए सम्मानजनक स्थान की सुविधा भी मिलेगी.
वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस वृद्धाश्रम की सौगात दी गई है जहां उन्हें बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन जीने की सुविधा मिलेगी. वहीं, बेसहारा बच्चों के लिए अनाथ आश्रम उनके उज्जवल भविष्य का आधार बनेगा जहां उन्हें बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और परवरिश का लाभ मिलेगा.
घर जैसी मिलेगी सुविधाएं
पानीपत की अर्थव्यवस्था में निर्णायक भूमिका अदा करने वाले श्रमिकों को लेबर हॉस्टल की सौगात दी गई है. इससे प्रवासी और स्थानीय श्रमिकों को किफायती और बेहतर आवासीय सुविधा का लाभ मिलेगा. पानीपत शहरी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि इन चारों हॉस्टलों में आधुनिक रसोई, आरामदायक बेडरूम, साफ पानी, साफ- सुथरे शौचालय सहित तमाम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी ताकि यहां रहने वाले लोगों को घर जैसा वातावरण प्रदान किया जा सकें.
इन परियोजनाओं की मंजूरी पर खुशी जताते हुए उन्होंने सीएम नायब सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि ये प्रोजेक्ट्स मेरा संकल्प थे ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की सुविधाएं पहुंच सकें. हमारी सरकार का लक्ष्य पानीपत को औद्योगिक रूप से ही नहीं बल्कि सामाजिक रूप से भी नंबर-1 बनाना है.