पानीपत | हरियाणा सरकार ने प्रदेश के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है. स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार ने पानीपत के 200 बेड वाले जिला नागरिक अस्पताल के लिए कुल 219 पदों के सृजन और स्वीकृति को मंजूरी दे दी है. इसके अलावा, कुरुक्षेत्र जिले के थाना उप- स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में अपग्रेड करने का फैसला भी लिया गया है. इससे मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

पानीपत के 200 बेड वाले जिला नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 122 नियमित पद स्वीकृत किए गए हैं. इन पदों में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, डेंटल सर्जन, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन, रेडियोग्राफर, ऑपरेशन थिएटर सहायक, डाइटीशियन, बायोमेडिकल इंजीनियर, सोशल वर्कर और जनसंपर्क अधिकारी जैसे विभिन्न पद शामिल हैं.
होगी इन पदों पर भर्ती
स्पताल की सहायक सेवाओं को मजबूत करने के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से 97 पद भरे जाएंगे. इनमें 17 डाटा एंट्री ऑपरेटर, 37 स्वीपर, 37 वार्ड सर्वेंट, 5 सुरक्षा गार्ड और 1 सुपरवाइजर के पद शामिल हैं. इन नियुक्तियों के बाद अस्पताल में मरीजों को अधिक प्रभावी और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना आसान होगा. वहीं, कुरुक्षेत्र जिले के थाना उप- स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी. नए PHC में कुल 9 नियमित पद सृजित किए गए हैं.
लोगों को मिलेगा लाभ
इनमें एक मेडिकल ऑफिसर, एक महिला मेडिकल ऑफिसर, एक डेंटल सर्जन, एक फार्मासिस्ट, दो स्टाफ नर्स, एक लैब तकनीशियन, एक एमपीएचएस (पुरुष) और एक एमपीएचएस (महिला) का पद शामिल है. इसके अलावा, 3 श्रेणी- घ कर्मचारियों की नियुक्ति HKRN के माध्यम से की जाएगी. आरती सिंह राव ने कहा कि इन दोनों फैसलों से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा. जिला स्तर पर मरीजों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी.