पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले से शिक्षा के क्षेत्र से एक ओर गौरवमई खबर सामने आई है. दरअसल पानीपत की बेटी कीर्ति ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल परीक्षा में 304वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया. उनकी इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. कीर्ति की सफलता ने इस कहावत को सत्य कर दिया कि अगर हौसला बुलंद है, तो असफलता पास भी नहीं भटकती है.
पहले भी परिवार ने हासिल की उपलब्धि
कीर्ति का संबंध ऐसे परिवार से है जिसने पहले कई उपलब्धियां हासिल की है, उनके परिवार के कई सदस्य सरकारी सेवा में कार्यरत है. उनके भाई आशीष केंद्रीय गृह मंत्रालय में DSP के पद पर कार्यरत है जबकि उनकी भाभी मुनमुन चौधरी गुरुग्राम में जज के पद पर सरकारी सेवा में है. कीर्ति की छोटी बहन सुकीर्ति मेडिकल कॉलेज में MBBS कर रही है.
कीर्ति भी पिछले दो सालों से लगातार पावरग्रिड में लीगल ऑफिसर के रूप में सेवाएं दे रही है. अब UPSC में चयन से यह उपलब्धि ओर भी खास हो गई है.
चौथे प्रयास में हासिल की सफलता
कीर्ति मूल रूप से पानीपत के चंदौली गांव की रहने वाली है और फिलहाल उनका परिवार पानीपत शहर के असल सुशांत सिटी इलाके में रहता है. उनके पिता जोगिंद्र सिंह सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी है और माता मंजू रानी सरकारी स्कूल में हिंदी की अध्यापिका है.
कीर्ति ने अपनी सफलता का का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है. कीर्ति ने अपनी सफलता चौथे प्रयास में हासिल की है. इससे पहले उन्हें कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा और लगातार मेहनत जारी रखी. उनका कहना है कि असफलता से घबराने की बजाय उससे सीख लेकर और मेहनत करनी चाहिए. उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज की सेवा करना है.
