पानीपत | हरियाणा में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पानीपत की छात्राओं के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है. शहर में जल्द ही जिले का पहला सरकारी महिला कॉलेज स्थापित किया जाएगा. करीब 5 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस कॉलेज का उद्देश्य छात्राओं को उनके ही शहर में सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है. कॉलेज की सबसे खास बात इसकी कम फीस होगी. छात्राओं से सालाना करीब 6 हजार रुपए फीस ली जाएगी. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना आसान होगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

कॉलेज की स्थायी इमारत तैयार होने में समय लगने के कारण छात्राओं का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो, इसके लिए फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. शहर के लाल बत्ती चौक स्थित DIET कॉलेज परिसर में शुरुआती कक्षाएं संचालित की जाएंगी.
BA और B.Com से होगी शुरुआत
पानीपत के शहरी विधायक प्रमोद विज ने बताया कि डाइट परिसर में अस्थायी रूप से कक्षाएं शुरू करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग से जरूरी स्वीकृतियां मिल चुकी हैं. नए सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. शुरुआती चरण में कॉलेज में स्नातक स्तर के पारंपरिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं. पहले सत्र में BA और B.Com की पढ़ाई होगी. BA के लिए 160 सीटें, जबकि B.Com में 80 सीटें निर्धारित की गई हैं. भविष्य में छात्राओं की मांग और जरूरत को देखते हुए नए विषयों के साथ PG कोर्स भी शुरू किए जा सकते हैं.
मील का पत्थर
सरकारी महिला कॉलेज की प्राचार्या नीलम शर्मा ने कहा कि पानीपत में पहला महिला कॉलेज खुलना शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने बताया कि डाइट कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. कॉलेज शुरू होने से पानीपत शहर और आसपास के क्षेत्रों की छात्राओं को कम खर्च में अपने घर के नजदीक उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा. साथ ही, आर्थिक कारणों से पढ़ाई छोड़ने वाली छात्राओं की संख्या कम करने में भी यह पहल मददगार हो सकती है.