पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले की इसराना विधानसभा क्षेत्र को नए साल की सौगात मिली है. सीएम नायब सैनी ने मतलौडा गांव को नगरपालिका बनाने की घोषणा की थी और अब इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है.
हरियाणा में पंचायत मंत्री का पैतृक गांव
इसराना विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक एवं प्रदेश सरकार में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार का मतलौडा पैतृक गांव है. सीएम नायब सैनी ने उनके जन्मदिन के अवसर पर यह तोहफा दिया है. वहीं, मतलौडा को नगरपालिका का दर्जा मिलने पर ग्रामीणों और पंचायत मंत्री ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त किया है. कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मतलौडा की लंबे समय से चली आ रही नगरपालिका की मांग अब पूरी हो गई है.
विकास कार्यों में आएगी तेजी
पंचायत मंत्री ने कहा कि मतलौडा को नगरपालिका का दर्जा मिलने पर क्षेत्र में सुनियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा. इससे बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और बिजली- पानी, पक्की सड़कें, स्कूल, अस्पताल, पार्क, सीवरेज व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में तेजी आएगी.
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ समूचे हरियाणा के विकास पर जोर दे रही है. सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि नगरपालिका का दर्जा मिलने के बाद विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा ताकि लोगों को जल्द- से- जल्द बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके.
