पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है. बता दें कि राज्य के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए नए MRI सेंटर का उद्धाटन किया. यह सेंटर पानीपत के नागरिक अस्पताल में स्थापित किया गया है. इसके साथ ही सिंक, काबड़ी, परढाना, पाथरी, शाहपुर, खोजकीपुर और भाउपुर गांवों में PHC और AHC केंद्रों का भी लोकार्पण किया.

आम लोगों तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना
इस उद्धाटन कार्यक्रम के अवसर पर मंत्री कृष्ण लाल पवार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि जिले में आयुष्मान योजना के तहत 24 सरकारी और 64 निजी अस्पताल शामिल है, जिसके माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि नई मशीन और आधुनिक तकनीक से लैस यह सेंटर मरीजों को तेज, सटीक और गुणवत्तापूर्वक जांच सुविधा उपलब्ध कराएगा. इससे गंभीर बीमारियों का इलाज समय रहते किया जा सकेगा.
5 हजार तक बढ़ाई सीट
उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए MBBS सीटों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है, जो पहले 2 हजार थी, उन्हें 5 हजार तक कर दिया गया है. इसका उद्देश्य पूरे देश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाकर गरीब परिवार तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. इसके बाद मंत्री ने पूरे नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया और OPD मरीजों से बातचीत की. इस दौरान CMO विजय मालिक, मेयर कोमल सैनी, SDM मनदीप कुमार और नगर निगम आयुक्त विवेक चौधरी भी उपस्थित रहे.