पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले के एक ओर युवा कलाकार बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे है. बता दें कि पानीपत क्षेत्र के बापोली ब्लॉक के खोजसीपुर गांव के रहने वाले संदीप ओमकार अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाले है. संदीप की यह सफलता हरियाणा के युवाओं के लिए प्रेरणा मानी जा रही है, जो छोटे गांवों से निकलकर बड़े सपने देखते है.

शुरुआत से ही अभिनय और मंच का शौक
संदीप के पिता ओमकार रावल चाहते थे कि वह पढ़ाई पूरी कर नौकरी करे, लेकिन संदीप को स्कूल के समय से ही अभिनय और मंच से जुड़े कार्य करने का शौक था. वे नाटक करते थे और जागरण में भजन भी गाते थे. उन्होंने 2009 में सोनीपत से इलेक्ट्रिकल ट्रेड की पढ़ाई की और काम के सिलसिले में रुद्रपुर, उत्तराखंड चले गए. वहां उनकी मुलाकात एक फिल्म निर्देशक अमित से हुई. अमित तब वेब सीरीज लव कथा बना रहे थे. यही से संदीप के अभिनय करियर की शुरूआत हुई.
नई फिल्म में सीरियल किलर का रोल
उन्होंने वेब सीरीज लव कथा में काम किया और बाद में कई विज्ञापनों से लेकर गानों में अभिनय किया. साल 2021 में वह मुंबई शिफ्ट हो गए, जहां थिएटर और टीवी इंडस्ट्री में काम किया. वह तारक मेहता का उल्टा चश्मा जैसे लोकप्रिय शो में भी दिखाई दे चुके है. इसके अलावा हंटर वेब सीरीज में सुनील शेट्टी के साथ काम किया.
अब संदीप निर्देशक अमित दीक्षित की बॉलीवुड फिल्म नवगुंजरा से डेब्यू करने जा रहे है. यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फिल्म में वह एक सीरियल किलर का किरदार निभाते नजर आएंगे और इसमें रोमांच व सस्पेंस भरपूर होगा.