पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में शहरी क्षेत्र के बाद अब ग्रामीण इलाकों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की योजना बनाई गई है. पानीपत रोडवेज डिपो को 15 नई इलेक्ट्रिक एसी बसों की सौगात मिली है. इन बसों के संचालन के शुभारंभ को सीएम नायब सैनी जल्द ही हरी झंडी दिखाएंगे.
पानीपत रोडवेज जीएम विक्रम कंबोज ने बताया कि योजना के तहत पानीपत डिपो में 50 नई इलेक्ट्रिक एसी शामिल होनी है. 20 बसें पहुंच चुकी है और बाकी बसें भी जल्द ही बेड़े में शामिल होगी. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह बसें एक बार फुल चार्ज होने पर 100 किलोमीटर की दूरी तय करती है. इन बसों में यात्रियों के लिए आरामदायक सीटें, जीपीएस सिस्टम, सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है. प्रत्येक स्टेशन पर यात्रियों को उतरने और चढ़ने की जानकारी ऑडियो अलर्ट से दी जाएगी.
इन इलाकों में दौड़ेगी इलेक्ट्रिक बसें
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पानीपत शहर के साथ ग्रामीण इलाकों बापौली, इसराना, मडलौडा, समालखा, बबैल, सिवाह, दीवाना, बिंझौल, उग्राखीरी, कुटानी, चंदौली, सफीदों, करनाल, बापौल, टोल प्लाजा और आसपास क्षेत्रों तक संचालित की जाएगी. इन बसों के संचालन से हजारों लोगों को सस्ती, सुगम और प्रदुषण- मुक्त सफर का अनुभव मिलेगा.
बनाया जाएगा ई- बस डिपो
जीएम विक्रम कंबोज ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए पानीपत के पुराने बस स्टैंड के पास एक अलग ई- बस डिपो बनाया गया है, जहां 9 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं. इनपर एक साथ कई बसों को चार्ज किया जा सकता है. एक घंटे में एक इलेक्ट्रिक बस पूरी तरह से चार्ज हो जाती है. उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में 2 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया तय किया गया है. ड्राइवर और कंडक्टर को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए स्पेशल प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि उन्हें तकनीक, सुरक्षा मानकों और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जानकारियां हासिल हो सकें.
