पानीपत | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में पानीपत के समालखा क्षेत्र में आयोजित होने वाले संत निरंकारी मिशन के वार्षिक संत समागम को देखते हुए विभिन्न शहरों से स्पेशल बसें संचालित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन आसान हो जाए.
परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार से इन बसों को समागम में भेजना शुरू कर दिया जाएगा और चार दिन में 280 बसें भेजी जाएगी. ये बसें 3- 6 नवंबर तक संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल में आयोजित होने वाले इस समागम के बाद श्रद्धालुओं की घर वापसी के लिए इस्तेमाल की जाएगी. इस दौरान कई रूटों पर बसों की कमी के चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
श्रद्धालुओं को घर वापसी में होगी आसानी
भोड़वाल माजरी में 31 अक्टूबर से संत निरंकारी समागम का आयोजन शुरू हो चुका है और 3 नवंबर तक चलेगा. इस कार्यक्रम में हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश और विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु शिरकत करेंगे. इस समागम के समापन के बाद श्रद्धालुओं को उनके गृह जिलों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. ये बसें श्रद्धालुओं को पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड सहित प्रदेश के लोकल रूटों तक पहुंचाने का काम करेगी.
श्रद्धालुओं के लिए बसों की व्यवस्था के चलते कई रूटों पर बसों की कमी की समस्या को दूर करने को लेकर रोडवेज विभाग द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं. कई बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं ताकि यात्रियों को परेशानी से निजात मिल सके.
