पानीपत | हरियाणा का पानीपत अचार बनाने की अपनी पुरानी परंपरा और बड़े कारोबार की वजह से देशभर में खास पहचान रखता है. यही कारण है कि इसे अक्सर ‘भारत की अचार राजधानी’ भी कहा जाता है. यहां तैयार होने वाले अलग- अलग वैरायटी के अचार अपने खास स्वाद और पारंपरिक बनाने के तरीके के लिए जाने जाते हैं. वर्षों से पानीपत के कई परिवार इस कारोबार से जुड़े हुए हैं और पीढ़ी दर पीढ़ी अचार बनाने की कला को आगे बढ़ा रहे हैं. पानीपत में आज भी पारंपरिक तरीकों से अचार तैयार किया जाता है. यहां आम, नींबू, मिर्च, मिक्स वेज समेत कई दूसरी किस्मों के अचार बनाए जाते हैं.

हर अचार को खास मसालों के साथ तैयार किया जाता है, जिससे उसका स्वाद लंबे समय तक बना रहता है और अचार जल्दी खराब भी नहीं होता. यही वजह है कि यहां के अचार का स्वाद दूसरे शहरों की तुलना में अलग और खास माना जाता है.
अचार राजधानी
हरियाणा के पानीपत को सबसे ज्यादा पहचान पचरंगा ब्रांड से मिली है. इस ब्रांड ने पानीपत के अचार को देश के अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाया और इसे एक अलग पहचान दिलाई. आज भी पचरंगा नाम सुनते ही लोगों के मन में पानीपत के पारंपरिक अचार की छवि उभर आती है. इसके अलावा शहर में कई छोटे- बड़े अचार निर्माता भी वर्षों से इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. पानीपत की कई दुकानों और अचार बनाने वाली जगहों पर आज भी पुराने नुस्खों का इस्तेमाल किया जाता है.
स्थानीय लोगों का मानना है कि अचार जितना पुराने तरीके से बनाया जाए, उसका स्वाद उतना ही बेहतर होता है. यहां तैयार होने वाले अचार की मांग लगातार बनी रहती है. स्वाद के साथ- साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाता है, जिससे ग्राहकों का भरोसा वर्षों से कायम है.
मजबूर कर देगा स्वाद
देश- विदेश से आने वाले कई पर्यटक और खरीदार भी पानीपत पहुंचकर यहां के मशहूर अचार खरीदते हैं. शहर की कई दुकानों पर दर्जनों तरह के अचार आसानी से मिल जाते हैं. कई लोग तो वर्षों से यहां से अचार खरीदकर अपने साथ ले जाते हैं और अपने परिचितों को भी इसकी सिफारिश करते हैं. खाने के साथ स्वाद बढ़ाने वाले अचार के शौकीनों के लिए पानीपत किसी खास ठिकाने से कम नहीं है.