पानीपत | हरियाणा में सोलर पैनल लगवाने की योजना बना रहे आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बिजली निगम और सूबे की नायब सैनी सरकार ने घरेलू कनेक्शन पर सोलर पैनल लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए नई सुविधा की शुरुआत कर दी है.

इस मोबाइल नंबर पर करें मिस्ड कॉल
इसके लिए उपभोक्ताओं को 98881-01912 पर मिस्ड कॉल करनी होगी, जिसके बाद बिजली निगम की टीम आपसे संपर्क करेगी और घर पहुंचकर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया में सहयोग देगी. प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और लोगों को बिजली बिल से राहत देने के उद्देश्य से बिजली निगम ने नई पहल शुरू की है. अब उपभोक्ताओं को घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे.
सब्सिडी राशि का मिलेगा लाभ
इस सुविधा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सोलर योजना से जोड़ना है. मिस्ड कॉल मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र के अधिकारी उपभोक्ता से संपर्क करेंगे और जरूरत पड़ने पर कर्मचारी घर पहुंचकर भी जानकारी देंगे. बिजली निगम की टीम उपभोक्ताओं को सरकारी सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पैनल लगाने की तकनीकी जानकारी और अनुमानित खर्च के बारे में संपूर्ण जानकारी देगी.
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी राशि का लाभ दिया जाएगा. जिसमें एक किलोवाट सिस्टम पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट सिस्टम पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक लोड पर 78 हजार रुपये तक सब्सिडी दी जा रही है. सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के पास घरेलू बिजली कनेक्शन, घर की छत, आधार कार्ड, बिजली बिल और बैंक खाता जरूरी होना है.
सोलर पैनल लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में काफी कमी आएगी. साथ ही नेट मीटरिंग जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर लाभ लिया जा सकेगा. केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण अब सोलर सिस्टम पहले की तुलना में काफी सस्ता हो गया है- आदित्य कुंडू, XEN, पानीपत