नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है और सभी राजनीतिक दलों ने इसके लिए अपनी कमर कस ली है. बीजेपी भी इस बार चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंके हुए है. इसी कड़ी में हरियाणा के दिग्गज नेताओं को भी चुनाव प्रचार के मैदान में उतार दिया गया है. इन चुनावों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व CM मनोहर लाल खट्टर के साथ कई दिग्गज नेता राजधानी में पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगते नजर आएंगे.
हरियाणा के नेताओं की रहेगी अहम भूमिका
गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे बड़े जिलों का सीधा संपर्क दिल्ली से है. यहाँ से काफी संख्या में नौकरीपेशा और व्यापारी वर्ग दिल्ली आते- जाते हैं. इसके अलावा, हरियाणा के 12 जिले दिल्ली- NCR क्षेत्र में आते हैं, जिनकी वोटर संख्या भी काफी प्रभावशाली है. ऐसे में हरियाणा के नेताओं का प्रभाव बीजेपी के पक्ष में चुनावी माहौल को बदलने में अहम भूमिका निभा सकता है.
CM सैनी और केंद्रीय मंत्री खट्टर भी आएँगे नजर
इन चुनावों में खुद CM सैनी स्टार प्रचारक की भूमिका निभाएंगे. हरियाणा में भी उन्होंने बीजेपी को सत्ता में लाने में अहम भूमिका निभाई थी. दिल्ली में रह रहे हरियाणा के प्रवासी और OBC मतदाताओं पर सैनी का विशेष प्रभाव पड़ सकता है. केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी CM सैनी के साथ चुनावी ताल ठोकते नज़र आएँगे.
संगठन और सरकार चलाने के अनुभव से लैस खट्टर ने हरियाणा में बीजेपी को 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. खट्टर की प्रशासनिक क्षमता और रणनीतिक कौशल इस चुनाव में बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने में मददगार साबित हो सकते हैं.
चुनावी मैदान में दिखेंगे यह नेता
उधर, हरियाणा से लोकसभा सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत अपनी बेटी आरती राव और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी के साथ दिल्ली में चुनावी मैदान में नजर आएंगे. चुनावों को लेकर प्रदेश के मंत्री अनिल विज का कहना है कि बीजेपी का अश्वमेघ का घोड़ा निकल चुका है. यह जहाँ भी जाएगा, जीत लेकर आएगा.
