रेवाड़ी | उच्च शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक स्टूडेंट्स के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि रेवाड़ी स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर ने शैक्षणिक सत्र 2025- 26 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है. 15 मई यानि आज से 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एमकॉम, 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एमबीए और बीएचएमसीटी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन शुरू हो जाएंगे.
न्यूनतम 45% अंक अनिवार्य
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बीएचएमसीटी एक चार वर्षीय कौशल- आधारित व्यवसायिक पाठ्यक्रम है. इस कोर्स में कुल 60 सीटें रहेगी. आवेदन के लिए कक्षा बारहवीं में न्यूनतम 45% अंक होने चाहिए. होटल एवं पर्यटन प्रबंधन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर तेज सिंह ने बताया कि यह पाठ्यक्रम होटल, रेस्टोरेंट, एयरलाइंस, क्रूज और ट्रैवल कंपनियों में करियर के अवसर प्रदान करता है. स्टूडेंट्स को इंडस्ट्री इंटर्नशिप और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि यह कोर्स स्टूडेंट्स को नवीनतम आतिथ्य प्रथाओं, सॉफ्ट स्किल्स तथा प्रोफेशनल ग्रुमिंग का प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिससे वे प्रतिस्पर्धात्मक वैश्विक बाजार में सफलतापूर्वक अपने करियर का निर्माण कर सकें. कम्पिटीशन के इस दौर में इन कोर्सेज की बदौलत स्टूडेंट्स अपने बेहतर भविष्य की नींव रख सकते हैं.
30 मई तक करें आनलाइन आवेदन
एडमिशन लेने के इच्छुक स्टूडेंट्स 15- 30 मई तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igu.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. वहीं, आवेदन की हार्ड कॉपी 6 जून तक जमा करानी होगी.
