अग्निपथ: कई राज्यों को जोड़ने वाले दो हाईवे को बाधित कर सकते हैं प्रदर्शनकारी, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

रेवाड़ी | केन्द्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर मचा बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. कोसली में आज सुबह हजारों युवाओं की भीड़ ने विरोध प्रदर्शन करते हुए रेवाड़ी मार्ग को जाम कर दिया. कुछ समय तक सड़क जाम करने के बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ बाजार की तरफ बढ़ गई. प्रदर्शनकारी युवा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अग्निपथ योजना को बंद करने और सेना में नियमित भर्ती करने की मांग कर रहे हैं. पुलिस के जवानों को अलर्ट रहने व चप्पे- चप्पे पर नजर बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं.

Agneepath Scheme Protest

प्रदर्शनकारी युवाओं की भारी भीड़ जमा होने के चलते जिला प्रशासन ने दिल्ली- जयपुर हाईवे पर गांव आसलवास के निकट बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है. जिला पुलिस को इनपुट मिला हैं कि प्रदर्शनकारी युवा दिल्ली- जयपुर हाईवे नंबर-48 व बावल- रोहतक हाईवे नंबर-352 को बाधित कर सकते हैं. हाईवे बाधित करने की आशंका के चलते पुलिस ने इस मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है.

पुलिस को इनपुट मिला है कि प्रदर्शनकारी युवाओं की भीड़ दिल्ली -जयपुर हाईवे पर आसलवास कट व बावल- रोहतक हाईवे पर पालहावास कट के निकट इकट्ठा होकर दोंनो हाइवे को बाधित कर सकते हैं. शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों हाईवे को लेकर एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि यदि हाईवे बाधित होते हैं तो पुलिस के निर्देशानुसार डायवर्ट किए गए रूट से ही यात्रा करें.

जिला प्रशासन ने भी युवाओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए हाइवे पर पुलिस बल तैनात कर दिया है. जिला सचिवालय पर भी अतिरिक्त पुलिस बल को मुस्तैद रहने के आदेश दिए गए हैं. पुलिस ने युवाओं से शांति बनाए रखने की अपील की है. बता दें कि कल वीरवार को भी बड़ी संख्या में युवाओं ने अग्निपथ योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए करीब तीन घंटे तक बस स्टैंड से लेकर नाई वाली चौक तक सरकुलर रोड़ को बाधित रखा था. युवाओं के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज भी किया गया था जिसमें कई युवाओं को चोटें आई थीं. इसके अलावा हिसार, फतेहाबाद, रेवाड़ी, पलवल में भी अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं ने खूब बवाल मचाया था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.