रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी जिले की जनता के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां नवरात्र के शुभ अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में गुरुग्राम लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से जिले के ग्रामीणों को पेयजल और बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
38.09 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ
केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रेवाड़ी जिले को 38.09 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का तोहफा दिया. इसमें माजरा गुरदास गांव में नहरी जल आधारित पेयजल वितरण परियोजना का शिलान्यास किया गया है. जिसपर 4.93 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. इसके अलावा, कोरियावास गांव में 55.09 लाख रुपए की लागत से पेयजल बूस्टिंग स्टेशन बनेगा. जिला परिषद रेवाड़ी के 159 गांवों में 14.36 करोड़ रुपए की धनराशि से विभिन्न विकास कार्य धरातल पर होंगे.
दूधिया रोशनी से जगमगा उठेंगे 144 गांव
केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सांसद कोटे से 21 गांवों में 1.68 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन किया. इसके अलावा 144 गांवों में लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से सोलर लाइट लगाई गई है. इसके अलावा, पंचायत समिति रेवाड़ी के 65 गांवों में 9.09 करोड़ और बावल के 24 गांवों में 4.47 करोड़ रुपए के विकास कार्य शामिल हैं.
इस मौके पर रेवाड़ी से बीजेपी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, डीसी अभिषेक मीणा, जिला अध्यक्ष मनोज पोपली सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नेतागण उपस्थित रहे.
