रेवाड़ी | रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने बताया है कि रतनगढ़- चुरू के बीच दोहरीकरण कार्य के चलते झुंझुनूं- सीकर होकर संचालित होने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. दरअसल, रेलवे की ओर से चुरू- मौलासर (रतनगढ़) के बीच रेलवे लाइन का दोहरीकरण किया जा रहा है.
रेवाड़ी- सीकर रद्द
उपरोक्त कार्य के चलते रेवाड़ी से सीकर तक चलने वाली ट्रेन 10 मई से 28 मई तक रद्द रहेगी. यह ट्रेन दोपहर 3 बजे रेवाड़ी से रवाना होकर शाम 07.10 बजे झुंझुनूं पहुंचती है. इसी तरह वापसी में सुबह 07.25 बजे सीकर से रवाना होकर 08.33 बजे झुंझुनूं और दोपहर में रेवाड़ी पहुंचती है. इस ट्रेन का रैक जोधपुर से हिसार, हिसार से रेवाड़ी और रेवाड़ी से सीकर के बीच चलता है. दोहरीकरण कार्य के चलते यह रैक नहीं आने के कारण रेलवे की ओर से सीकर- रेवाड़ी ट्रेन को निरस्त किया जा रहा है. सीकर से रेवाड़ी तक यह ट्रेन 10 से 29 मई तक निरस्त रहेगी.
कोटा- हिसार- सिरसा ट्रेन
इसी तरह सप्ताह में 4 दिन झुंझुनूं होकर चलने वाली कोटा- हिसार- सिरसा ट्रेन 5 मई से 26 मई तक झुंझुनूं होकर चलेगी. अभी यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार को ही चलती है. 3 दिन मंगलवार, बुधवार व रविवार को यह सीकर से चूरू होकर चलती है.
अब यह ट्रेन कोटा से रात को चलकर सुबह 7:56 बजे झुंझुनूं और दोपहर में सिरसा पहुंचेगी. शाम को सिरसा से चलकर रात 9:05 बजे झुंझुनूं पहुंचेगी. इस ट्रेन के झुंझुनूं होकर चलने से जिले के लोगों को 22 दिन तक रात 9 बजे रोजाना जयपुर जाने के लिए ट्रेन की सुविधा मिलेगी.
लोहारू- झुंझुनूं होकर चलेगी यह ट्रेन
गंगानगर- बांद्रा अरावली एक्सप्रेस ट्रेन भी झुंझुनूं होकर चलेगी. गंगानगर से बांद्रा तक चलने वाली अरावली एक्सप्रेस भी मई में 11 दिन लोहारू- झुंझुनूं होकर चलेगी. अभी यह ट्रेन गंगानगर से राजगढ़, चूरू, बिसाऊ, सीकर होकर चल रही है. इसे 16 मई से 26 मई तक गंगानगर से राजगढ़, लोहारू व झुंझुनूं होकर चलाया जाएगा. यह ट्रेन लोहारू व झुंझुनूं में ठहराव करेगी. इससे झुंझुनूं के लोगों को मुंबई जाने वाली ट्रेन की सुविधा मिलेगी. इसी तरह साप्ताहिक स्पेशल फिरोजपुर कैंट से रामेश्वरम एक्सप्रेस भी 6 मई को चुरू- फतेहपुर रूट की बजाय लोहारू व झुंझुनूं होकर चलेगी.
