रेवाड़ी | बावल इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) द्वारा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव के लिए करीब 7.93 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया है. लगभग 6 महीने में इस काम को पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद पूरा बावल इंडस्ट्रियल एरिया दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा.
बावल में आपराधिक घटनाओं पर लगेगा अंकुश
एक हजार से ज्यादा एकड़ में फैले बावल इंडस्ट्रियल एरिया में 500 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयां हैं, जहां तीन शिफ्टों में 50 हजार से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं. रात की शिफ्ट 10 बजे से शुरू होती है. इस दौरान श्रमिकों का आवागमन रहता है, लेकिन इंडस्ट्रियल एरिया में अधिकतर जगहों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं होने के चलते अंधेरा छाया रहता है. इसका फायदा उठाकर चोर- बदमाश इन श्रमिकों से लूट-पाट करते हैं.
बावल इंडस्ट्रियल एरिया में सुठानी नहर, सेक्टर- 2, असाही फ्लाइओवर के नीचे, बनीपुर चौक, पातुहेडा चौक, आसलवास और निगम कार्यालय के समीप, रूध पुल और सुठानी के श्मशान घाट के नजदीक सहित कई जगह ऐसी हैं, जहां इन श्रमिकों के साथ आपराधिक घटनाएं घटित हो रही है. लगातार ऐसी घटनाओं को देखते हुए औद्योगिक इकाइयों के संगठनों ने प्रशासन के सामने क्षेत्र की बदहाल लाइटों को ठीक कराने की मांग उठाई थी.
बावल इंडस्ट्रियल एरिया में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 7.93 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया है. करीब 6 महीने में इस काम को पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद, क्षेत्र से रात का अंधेरा गायब हो जाएगा. इस कदम से श्रमिकों के साथ रात के अंधेरे में घटित होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा- दिनेश श्योराण, प्रभारी, इलेक्ट्रिक विंग, HSIIDC बावल
