रेवाड़ी | अमृत भारत योजना के तहत देशभर के कई बड़े रेलवे स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इस योजना के तहत, रेलवे स्टेशनों के पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है. साथ ही, यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ देने के लिए कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर भी पुनर्विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है.
यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
रेवाड़ी रेलवे स्टेशन की बात करें तो इसके नवनिर्माण पर 32.91 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं. यहां यात्रियों के लिए एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए 5 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर लगाने के साथ सभी तरह की आधुनिक सुविधाएं जैसे एसी वेटिंग रूम, फूड कोर्ट, साफ- सुथरे शौचालय, पीने का साफ पानी उपलब्ध कराई जाएगी.
नवीनीकरण के तहत, रेलवे स्टेशन के सुविधा क्षेत्र को 430 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 1600 वर्ग मीटर किया जाएगा. एंट्री और एग्जिट के लिए अलग- अलग द्वार बनाए जाएंगे. स्टेशन के अगले हिस्से में लाईट की विशेष व्यवस्था की जाएगी. प्लेटफॉर्म बदलने के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा.
आधुनिक होगा वेटिंग रूम
रेलवे स्टेशन पर पार्किंग स्थल विकसित करने के साथ- साथ आधुनिक वेटिंग रूम और VIP रूम का निर्माण किया जाएगा, जहां ट्रेनों की सूचना देखने के लिए बड़ी एलईडी लगाई जाएगी. प्लेटफॉर्म के 6150 वर्ग मीटर क्षेत्र की सतह का नवीनीकरण किया जाएगा. स्टेशन पर ट्रेन सूचना बोर्ड और कोच संकेत बोर्ड लगाए जाएंगे.
